मुआवजा नहीं लिया, पर जारी रहेगी खालिद के परिवार की जंग
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के फैजाबाद के कोर्ट में बम धमाकों के आरोपी खालिद मुजाहिद की मौत के बाद उसके परिवार ने मुआवजा लेने से भले ही इंकार कर दिया, लेकिन उनका संघर्ष अभी जारी है। खालिद के परिवार ने एक बार फिर फैजाबाद की जिला कोतवाली में दर्ज मामले की जल्द सुनवाई के लिये अदालत से दरख्वास्त की है। उनका कहना है कि जितने लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है, सभी को तलब किया जाये और मामले की निष्पक्ष जांच हो।
उधर खालिद के परिवार के साथ पिछड़ा जन समाज पार्टी भी खड़ी हो गई है। पिछड़ा जन समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष वाहिद हुसैन घोसी ने कहा कि खालिद के परिवार ने सोच समझ कर मुआवजा लेने से मना किया है। और यह अच्छा किया है। क्योंकि मुआवजा लेकर सरकार के सामने वो झुकना नहीं चाहते हैं। वाहिद हुसैन ने कहा कि खालिद मुजाहिद को गलत तरीके से सोची समझी राजनीति के तहत फंसाया गया और फिर जब यूपी पुलिस की पोल खुलने वाली थी, तो उसे मार डाला गया।

वाहिद ने कहा कि आज देश का कानून बदलने की जरूरत है। यह कानून अंग्रेजों के शासन से प्रेरित है। जिसको पाया उठा लिया, जिसे पाया सूली पर चढ़ा दिया। और ऐसे पुलिस प्रशासन के खिलाफ जंग में पैसा मायने नहीं रखता। वाहिद हुसैन ने कहा कि बहुत जल्द मुस्लिम समुदाय से जुड़े लोग इस मामले में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मिलेंगे।
वाहिद हुसैन ने अखिलेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा के दो चेहरे हैं। एक दिखाने का और दूसरा करने का। एक तरफ वरुण गांधी के भड़काऊ भाषण के खिलाफ कोर्ट में अपील करती है, तो दूसरी ओर खालिद जैसे लोगों के परिवारों के साथ अन्याय। यदि ऐसा ही चलता रहा तो अगले चुनाव में सपा सरकार यूपी की जनता से वोट की उम्मीद न ही करे तो बेहतर होगा।












Click it and Unblock the Notifications