UPA-2 का रिपोर्ट कार्ड, पीएम ने कहा खाली ग्लास भरने में वक्त लगेगा
नई दिल्ली (ब्यूरो)। यूपीए-2 की चौथी सालगिरह के मौके पर प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने सरकार का रिपोर्ट कार्ड पेश करते हुए सरकार की खूब उपलब्धियां गिनवाईं। अकसर शांत रहने वाले प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह इस मौके पर विपक्ष पर खुल कर निशाना साधा। अपने सरकारी आवास पर आयोजित समारोह में मनमोहन सिंह ने कहा कि संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार ने अर्थव्यवस्था के प्रदर्शन में सुधार लाया, विकास को और ज्यादा समग्र बनाया और कल्याणकारी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन को सुनिश्चित किया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने बदलती दुनिया के साथ भारत का तालमेल बिठाया। संप्रग सरकार के नौ वर्षो के कार्यकाल के रिकार्ड के बारे में प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के प्रेरक नेतृत्व के कारण इसकी उपलब्धि संभव हो पाई। प्रधानमंत्री ने कहा कि अर्थव्यवस्था के प्रदर्शन में सुधार, विकास को और समग्र बनाना, कल्याणकारी योजनाओं के बेहतर निस्तारण और बदलती दुनिया के साथ तालमेल में सुधार, हमने देश को इन क्षेत्रों में आगे बढ़ाया।

उन्होंने हालांकि यह भी कहा कि अभी मीलों दूरी तय करना बाकी है। अपनी बात पर स्पष्टीकरण देते हुए मनमोहन सिंह ने कहा कि जब हमारी सरकार सत्ता में आई थी तब हमें विकास के नाम पर खाली गिलास मिला था और गिलास को भरने में समय लगेगा। उन्होंने कहा कि देश के कोने-कोने में विकास पहुंचा है और 9 साल में देश में गरीबी घटी है। मंदी में भी सरकार ने अच्छा काम किया और यूपीए ने देश को आगे बढ़ाया जबकि एनडीए शासन में औसत विकास हुआ।
मनमोहन ने कहा कि अगले साल जनता के सामने फिर रिपोर्ट रखेंगे और जनता से जनादेश मांगेंगे। मनमोहन सिंह ने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि यूपीए संसद में लोकपाल बिल लेकर आई और सूचना का अधिकार अहम कामयाबी है। वहीं इस समारोह में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा कि यूपीए के लिए ये जश्न का सही समय है। उन्होंने कहा कि यूपीए का लक्ष्य हमेशा साफ रहा और हमनें गरीबों और महिलाओं और कमजोर वर्गों के लिए काम किया।












Click it and Unblock the Notifications