सूडान से शहीदों का शव देश आया, अखिलेश ने की 20 लाख की घोषणा

वहीं दक्षिण सूडान में शहीद हुए पांच भारतीय सैनिकों के शव गुरुवार को दिल्ली लाया गया। ये सैनिक संयुक्त राष्ट्र शांति सेना में शामिल थे। सेना मुख्यालय में अतिरिक्त महानिदेशक (जनसंपर्क) एसएल नरसिम्हन ने संवाददाताओं से कहा, शहीदों के शव वापस लाए गए हैं। इन्हें संबंधित गांवों में भेजा जाएगा। पांचों शहीद शांति सैनिकों में लेफ्टिनेंट कर्नल महिपाल सिंह, नायब सूबेदार शिवकुमार पाल, लांस नायक नंद किशोर जोशी, हवलदार भारत सम्साल और हवलदार हीरा लाल शामिल हैं। दक्षिण सूडान में मंगलवार की सुबह जोंगलेई में में विद्रोहियों द्वारा घात लगा कर किए गए हमले में पांच शांति सैनिक शहीद हो गए, जबकि चार अन्य घायल हो गए।
शहीद सैनिक मैकेनाइज्ड इन्फैंट्री एवं महार रेजिमेंट के थे। ले. कर्नल महिपाल सिंह हरियाणा के निवासी थे, जबकि नायब सूबेदार शिव कुमार पाल और हवलदार हीरा लाल उत्तर प्रदेश के, लांस नायक नंद किशोर जोशी उत्तराखंड और हवलदार भारत सम्साल पश्चिम बंगाल के रहने वाले थे। सेना अधिकारी ने बताया कि शव संयुक्त राष्ट के विमान से सुबह 5 बजे पहुंचे। उत्तर प्रदेश सरकार ने गुरुवार को हवलदार हीरा लाल और नायब सूबेदार शिव कुमार पाल के परिवार को अनुग्रह राशि के रूप में 20-20 लाख रुपये देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शहीदों के परिवार वालों के लिए शोक संवेदना व्यक्त की है।
प्रतापगढ़ निवासी शिव कुमार पाल का शव एक विशेष विमान से लखनऊ लाया गया जहां सेना और नागरिक प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे। पाल के बुजुर्ग माता-पिता, पत्नी और दो बच्चे हैं। पत्नी मधु राष्ट्रीय महिला आयोग में नौकरी करती है। हवलदार हीरा लाल बुलंदशहर के रहने वाले हैं। भारतीय सेना दुनियाभर में पिछले छह दशक से भी अधिक समय से संयुक्त राष्ट्र के शांति अभियान से जुड़ी है। इस वक्त चार मिशन पर 7,000 से अधिक सैनिक तैनात हैं।












Click it and Unblock the Notifications