देश में गड्ढे कर रही है कांग्रेस: नरेंद्र मोदी
कोलकाता। गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोलकाता में उद्योगपतियों के सम्मेलन को संबोधित करते हुए यूपीए सरकार पर सीधे निशाना साधा और कहा कि कांग्रेस व उनके सहयोगी दल जहां-जहां शासन कर रहे हैं, वहां-वहां गड्ढे करते जा रहे हैं। उन्हें भरने में दशक लग जाते हैं।
मोदी ने कहा- गुजरात में कांग्रेस के लोग जो गड्ढे करके गये थे, उन्हें भरने में मुझे 10 साल लग गया है। बंगाल में तो 32 साल से गड्ढे किये गये हैं, इन्हें भरने में तो अरसा लग जायेगा। मुझे विश्वास है कि आपके प्रयास गड्ढे भरने के लिये किये जा रहे हैं। 2014 में गड्ढे भरने में तेजी जरूर आयेगी। मैं चाहूंगा कि देश का आम नागरिक इसे समझे।
दिल्ली में जो यूपीए सरकार बैठी है, उसे विकास के लिये कोई निर्णय लेना हो, तो दो-दो साल तक निकल जाते हैं। उन्हें डर है कि कहीं फाइल में कोई कैमरा न छिपा हो। ऐसा माहौल बना है कि सब कुछ अटका पड़ा है। उन्हें चिंता भी नहीं।
घर में व्यक्ति जब बीमार होता है, तो वो बार-बार पूछता रहता है कितना बजा है। उसे कहीं जाना नहीं है, लेकिन फिर भी वो समय पूछता रहता है, क्योंकि उसके मन में चलता रहता है शाम कब होगी। दिल्ली सरकार का यही हाल है। वो कैलेंडर का नहीं देख रहे, घड़ी देख रहे हैं। पिछले तीन दशक पहले देश में एक माहौल था 21वीं सदी आयेगी, हम ये करेंगे, वो करेंगे। वाजपेयी जी की सरकार में एक माहौल बना था, लेकिन 21वीं सदी के पहले दशक का नज़ारा हम देख रहे हैं। देश बर्फ के गोले की तरह पिघल रहा है। देशवासियों का चिंतित होना स्वाभाविक है।
यूपीए सरकार राजनीतिक लाभों के लिये निर्णय करने में जरा भी देरी नहीं करती। किस प्रकार के राज्यों के साथ भेदभाव हो रहा है। अगर आप यूपीए रूल्ड स्टेट हैं, तो आपको एक स्टेटमेंट, अगर नॉन यूपीए हैं, तो दूसरा स्टेटमेंट। यहां साम्यवादियों की सरकार थी, दिल्ली में अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार थी, दोनों के बीच कभी वैचारिक मेल नहीं हुआ, लेकिन फिर भी उनके कार्यकाल में पश्चिम बंगाल से एक भी आवाज़ नहीं उठी, कि केंद्र से कुछ मिला नहीं।
भारत सरकार को राज्यों के साथ पक्षपात करने का अधिकार नहीं है। यह देश की एकता और अखंडता के लिये भी खतरा है। सरकारें किसी की भी क्यों न हों, राज्य हमारे देश के हिस्सा है। उनके साथ समान व्यवहार होना चाहिये। बंगाल के साथ भी यही हो रहा है। 32 साल में ऐसे घाव लग चुके हैं, कि झेलने की ताकत भी कम हो गई है।













Click it and Unblock the Notifications