होली पर शराब पीकर बवाल किया तो खैर नहीं

27 मार्च को होली का त्योहार है। ऐसे में बाजारों और चौराहों पर पुलिस चेकिंग के साथ-साथ मार्च भी शुरू हो गया है। श्री पाण्डेय ने अफसरों को निर्देश दिए हैं कि होली के त्योहार पर प्रशासन व पुलिस के अधिकारी पूरी तरह सतर्कता बरतें ताकि खुशियों के त्योहार पर कहीं कोई अप्रिय घटना न होने पाये। श्री पाण्डेय ने उपजिलाधिकारियों, अपर नगर मजिस्ट्रेटों व क्षेत्राधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने क्षेत्र का संयुक्त रूप से भ्रमण कर लें, विशेष रूप से होलिका दहन स्थलों को अवश्य देख लें। यदि कहीं पर कोई विवाद है तो उस समय रहते निस्तारित कर दें।
इसके अलावा अवैध शराब और मादक पदार्थों की बिक्री तत्काल रोकी जाए। पाण्डेय ने नगर निगम को भी निर्देशित किया कि वे होलिका दहन स्थलों पर सफाई, चूने का छिड़काव व प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित कराएं। इसके साथ ही निर्वाध जलापूर्ति भी सुनिश्चित की जाए। जल संस्थान के अधिकारी पानी के टैंकर जरूरी स्थानों पर तैनात करें और रिजर्व में भी रखें ताकि जरूरत पडऩे पर उनका उपयोग किया जा सके। विद्युत विभाग के अभियन्ता से कहा गया कि होली के दिन निर्वाध विद्युत आपूर्ति की जाए तथा होलिका दहन स्थलों पर यह देख लिया जाए कि विद्युत तार पर्याप्त ऊंचाई पर हो ताकि होलिका दहन से तार प्रभावित न होने पाएं।
श्री पाण्डेय ने पुलिस विभाग के अधिकारियों से कहा कि वे क्षेत्र में शान्ति व्यवस्था बनाये रखें और अवैध शराब व मादक पदार्थो की बिक्री न होने दें। उन्होंने बताया कि 27 मार्च को शराब की दुकानें सायं पांच बजे तक बन्द रहेंगी। आबकारी अधिकारी शराब की दुकानों की बन्दी सुनिश्चित कराएं। होली पर निकलने वाले प्रमुख जुलूसों पर विशेष सतर्कता बरती जाए। सीएमओ अधीनस्थ चिकित्सालयों में आपातकालीन चिकित्सा सुविधा तथा एम्बुलेंस तैयार रखें।












Click it and Unblock the Notifications