बैंक या ब्यूटी पॉर्लर! अब लॉकर रूम में ही सजेंगी महिलाएं
रायपुर। छत्तीसगढ़ में भारतीय स्टैट बैंक ने 'मिनी ब्यूटी पार्लर' नामक अनोखी योजना शुरू की है। सुविधा यह कि लॉकर में गहने रखनेवाली महिलाओं को अब लॉकर से गहने निकालने के बाद संजने-संवरने के लिए अपने घर जाने की जरूरत नहीं है। ऐसी महिलाएं लॉकर रूम में ही संज-संवर सकती हैं। बैंक के एक अधिकारी ने बताया कि शादी समारोह या किसी पार्टी में जाने के लिए महिलाओं को अब तक लॉकर से गहने लेकर सजने-संवरने के लिए घर जाना पड़ता था। इसलिए इन महिलाओं के लिए लॉकर रूम में ही 'मिनी ब्यूटी पार्लर' शुरू किए जा रहे हैं। इससे महिलाओं को बैंक में ही सजने-संवरने के साजो सामान उपलब्ध रहेंगे।
प्रदेश के बिलासपुर शहर में इस अनोखी सुविधा की शुरुआत एसबीआई ने की, इसके बाद अन्य बैंकों ने भी यह सुविधा देनी शुरू कर दी है। फिलहाल बैंकों के मिनी पार्लर में महिलाओं के मेकअप के लिए तमाम कॉस्मेटिक्स प्रोडक्ट्स रखे गए हैं। आने वाले दिनों में बैंक प्रबंधन के पास इसे और भी अपडेट करने की योजना है। इस योजना से पहले लॉकर रूम में सिर्फ शीशा (आईना) रखा जाता था। महिला उपभोक्ताओं की सुरक्षा के लिहाज से बैंक प्रबंधन ने अपनी सेवा में सुधार किया है। बिलासपुर क्षेत्र में एसबीआई की 20 शाखाएं हैं, जहां यह सुविधा नि:शुल्क दी जा रही है।

लॉकर रूम में ड्रेसिंग टेबल, कंघी, पाउडर, फेयरनेस क्रीम, बिंदियां, सिंदूर, काजल, परफ्यूम, नेल पॉलिश, लिपस्टिक, हेयर कलर, हेयर बैंड, आई लाइनर, तौलिया, फेशवाश, फेशियल क्रीम व अन्य सामान उपलब्ध हैं। लॉकर की सुविधा लेने के लिए बैंक की संबंधित शाखा में खाता होना आवश्यक है। आवेदन देने पर ही ग्राहक को लॉकर की सुविधा दी जाती है। कई शहरों में लॉकर फुल होने के कारण ग्राहकों को इस सुविधा के लिए इंतजार करना पड़ता है, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में इतनी जद्दोजहद नहीं होती।
आकार के हिसाब से ही लॉकर का सालाना न्यूनतम शुल्क लिया जाता है। फिलहाल यह सुविधा पंजाब नेशनल बैंक की दो शाखाएं और एसबीआई की 20 शाखाओं में दी जा रही हैं। एसबीआई के क्षेत्रीय प्रबंधक के मुताबिक सभी शाखाओं में महिला उपभोक्ताओं को यह सेवा मुफ्त दी जा रही है। उन्होंने कहा, इसके पीछे हमारा उद्देश्य महिलाओं की सुरक्षा का ख्याल रखना भी है। बहरहाल, छत्तीसगढ़ में इस सुविधा को अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है, इससे जहां उपभोक्ताओं का समय बचता है, वहीं बैंक प्रबंधन से उनका व्यावसायिक रिश्ता और भी प्रगाढ़ हो जाता हैं। (आईएएनएस)












Click it and Unblock the Notifications