विहिप के धर्मसंसद की गूंज, मोदी होंगे PM तो बनेगा राम मंदिर
लखनऊ। इलाहाबाद में महाकुंभ के दौरान आज विश्व हिंदू परिषद (विहिप) की अगुवाई में आयोजित धर्मसंसद में मौजूद साधु-संतों ने नरेन्द्र मोदी को प्रधानमंत्री पद के लिये उम्मीदवार बनाने की मांग की है। धर्मसंसद में महामंथन के बाद आज साधु-संत जब मंच पर पहुंचे तो नरेन्द्र मोदी के नाम की नारेबाजी हुई और मंदिर निर्माण की बात पर बल दिया गया। इस धर्मसंसद में तमाम जाने माने साधु-संतों के अलावा कई शंकराचार्य शामिल हुए हैं। संतों ने अयोध्या में भव्य राममंदिर के निर्माण को लेकर मुद्दे को उठाया। साधु-संतों का कहना है कि मंदिर निर्माण के लिए देश भर में माहौल बनाना होगा।
संतों ने नरेन्द्र मोदी को पीएम पद के लिए उम्मीदवार बनान की वकालत की है। एक सुर में धर्मसंसद में शामिल संतों ने मोदी को पीएम उम्मीदवार बनाने को लेकर नारे लगाए। जगतगुरु रामानुजाचार्य ने कहा कि अगर मोदी को पीएम उम्मीदवार किया जाता है तो मैं उनके लिए खुद प्रचार करूंगा। वहीं धर्म संसद के मंच से यह भी कहा गया कि अगर मोदी पीएम बनेंगे तभी राम मंदिर बनेगा।

मालूम हो कि पहले से ही इस बात की चर्चा हो रही थी कि धर्मसंसद की बैठक में नरेन्द्र मोदी और मंदिर पर चर्चा हो सकती है। सांसद योगी आदित्यनाथ ने कहा कि नरेन्द्र मोदी देश के प्रधानमंत्री बनेंगे तभी देश का कल्याण और राम मंदिर निर्माण हो सकेगा। आदित्यनाथ ने साफ शब्दों में कहा कि भगवा को अतंकवाद कहने वाले बख्शे नहीं जायेंगे और बहुत जल्द भगवा पूरे देश में लहरायेगा।












Click it and Unblock the Notifications