ट्रांसफर कराने सचिवालय पहुंचा फर्जी आईएएस, गिरफ्तार

एसएसपी आरके चतुर्वेदी ने बताया कि सचिवालय के पंचम तल की सुरक्षा को दांव देते हुए प्रमोद नाम का युवक प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री राकेश गर्ग से मिलने पहुंच गया। उसने खुद को आईएएस सौरभ गर्ग बताया और दिल्ली में संयुक्त सचिव वित्त के पद पर तैनात होने की बात कही। सचिवालय से पास मिलने के बाद वह पंचम तल पर बने मुख्यमंत्री सचिव राकेश गर्ग से मिलने पहुंचा। बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री सचिव को उस पर शक हुआ। उन्होंने जब सौरभ गर्ग से कई अन्य विभागों के बारे में पूछना शुरू किया तो वह हड़बड़ा गया तथा उसकी पोल खुल गयी।
मुख्यमंत्री सचिव ने उसको सचिवालय सुरक्षा कर्मियों के हवाले कर दिया। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गयी। पुलिस आरोपी को कोतवाली ले आयी और वहां उससे कड़ाई से पूछताछ हुई। आरोपी ने बताया कि उसका असली नाम प्रमोद कुमार सिंह है वह गाजियाबाद का रहने वाला है। प्रमोद मौजूदा समय में नोएडा में एक साफ्टवेयर कम्पनी में इंजीनियर है। उसने बताया कि वह मूल रूप से जौनपुर का रहने वाला है और बीएचयू से उसने एमटेक किया है।
छानबीन में पुलिस को इस बात का भी पता चला कि आरोपी प्रमोद किसी एआरटीओ मयंक भारती के ट्रांसफर के सिलसिले में मुख्यमंत्री सचिव से मिलने के लिए आया था। पुलिस को इस बात का भी पता चला है कि वह एक माह से सचिवालय में तैनात कई अधिकारियों से फर्जी आईएएस अधिकारी बनकर बातचीत कर रहा था। पुलिस और एलआईयू के लोग आरोपी प्रमोद कुमार से पूछताछ कर रहे हैं। वहीं आरोपी प्रमोद खुद को बेकसूर बता रहा है। उसका कहना है कि वह मुख्यमंत्री सचिव को पहले से जानता है और सिर्फ उनसे मिलने आया था। पुलिस के हत्थे चढऩे के बाद बावजूद भी आरोपी सचिवालय के कई अधिकारियों को अपना परिचित बता रहा था।


Click it and Unblock the Notifications
