नीतीश की रैली के लिये जेल से मांगी गई 2 करोड़ की रंगदारी

प्राप्त जानकारी के अनुसार पटना साहिब ग्रुप ऑफ कॉलेजेस के एचआर संत लाल यादव का आरोप है कि नीतीश की पार्टी जेडीयू की विधायक अन्नू शुक्ला के पति मुन्ना शुक्ला ने रैली के लिए उनसे 2 करोड़ रुपये की मांग की। इतना ही नहीं उन्होंने आरोप लगाया कि रंगदारी न देने पर जान से मारने की धमकी भी दी जा रही है। मुन्ना शुक्ला को उत्तर बिहार का बाहुबली नेता माना जाता है। सबसे बड़ी बात यह है कि मुन्ना शुक्ला इस वक्त जेल में बंद है और उसने वहीं से मोबाइल से फोन कर इस रंगदारी की मांग की है। इस मामले ने निश्चित तौर पर नीतीश सरकार के सुशासन के दावे पर एक बार सवाल खड़े कर दिए हैं।
संत लाल यादव के मुताबिक मुन्ना ने फोन पर कहा है कि उसे मुख्यमंत्री की आगामी अधिकार यात्रा के लिए पैसा कलेक्ट करने का निर्देश मिला है। वहीं इस मामले के प्रकाश में आने के बाद बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा है कि बिहार में कानून का राज है और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस पर विश्वास करना चाहिए। पुलिस अनुसंधान कर रही है। यहां किसी को न फंसाया जाता है न किसी को बचाया जाता है। पुलिस अनुसंधान कर रही है और अनुसंधान के मुताबिक ही कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications