सुरक्षा की मांग पर महिलाओं को मिली लाठियां

Police lathi-charge on women protestors in Rohtak
रोहतक । हरियाणा में महिलाओं के खिलाफ लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं के विरोध में सोमवार को महिलाओं ने सीएम हाऊस पर प्रदर्शन किया। सरकार से सुरक्षा मांगने पहुंची महिला प्रदर्शनकारियों पर पुलिस द्वारा लाठियां भांजी गईं। प्रदर्शन का नेतृत्व माकपा की पूर्व सांसद एवं अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति की राष्ट्रीय अध्यक्ष वृंदा करात ने किया। इस दौरान हुई झड़प में समिति की पांच कार्यकर्ता, एक डीएसपी व तीन महिला पुलिसकर्मियों को चोटें आई। जनवादी महिला समिति की कार्यकर्ता हुडा कांप्लेक्स में एकत्र हुई और उन्होंने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

पुलिस ने आनन-फानन में सिविल लाइन थाने के सामने अवरोधक लगाकर प्रदर्शनकारियों को लघु सचिवालय जाने से रोका। प्रदर्शनकारियों ने जब आगे बढऩे का प्रयास किया तो उनकी पुलिस के साथ झड़प हो गई और इसके बाद पुलिस ने बल प्रयोग करते हुए उन पर जमकर लाठियां भांजीं। यहां तक कि वृंदा करात व हरियाणा इकाई की अध्यक्ष जगमति सांगवान तक को भी नहीं बख्शा गया। पुलिस की लाठियों से बचाव कर वृंदा करात सिविल लाइन पुलिस थाने की दीवार पर जा चढ़ीं। दीवार पर चढ़कर जब वे कार्यकर्ताओं को संबोधित करने लगीं तो महिला नेत्री को पुलिस ने नीचे खींच लिया। इसके बाद जब वृंदा व सांगवान के साथ धक्कामुक्की कर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास किया तो मामला और भड़क गया। गुस्साई प्रदर्शनकारियों ने पुलिस को पीछे धकेलकर करात व सांगवान को पुलिस से बचाया।

नहीं रूक रहे महिलाओं व बच्चियों पर अपराध

जींद की सैनी रामलीला ग्राउंड से रविवार रात अगवा की गई छह वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म की पुष्टि हो गई है। जिले में एक के बाद एक दुष्कर्म की घटनाओं से जूझ रही पुलिस की मुसीबत बढ़ गई है। मालूम हो कि सैनी रामलीला ग्राउंड से रविवार रात रूपनगर निवासी छह वर्षीय बच्ची का अपहरण हुआ था। पुलिस के दबाव के कारण अपहर्ता रात को ही बच्ची को देवीलाल चौक स्थित बनखंड महादेव मंदिर के पास छोड़ फरार हो गए थे। सोमवार को मामले में उस समय मोड़ आ गया, जब सैनी समाज व परिवार के सदस्यों ने बच्ची के साथ दुष्कर्म के आरोप लगाए। देर शाम दो सदस्यीय मेडिकल बोर्ड ने सिविल अस्पताल में बच्ची का मेडिकल किया, जिसमें दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। एसपी सौरभ सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टतया छेड़छाड़ के आधार पर ही पुलिस कार्रवाई कर रही है। मधुबन लैब से रिपोर्ट आने के बाद ही धारा में बदलाव किया जा सकता है।

नवविवाहिता के साथ सामूहिक दुष्कर्म

वहीं यमुनानगर के बकाना गांव की एक नवविवाहिता ने चार लोगों पर अपहरण कर सामूहिक दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पुलिस के कार्रवाई नहीं करने से निराश होकर पीडि़ता ने कोर्ट की शरण ली है। युवती का आरोप है कि कुछ दिन पूर्व वह ससुराल से मायके गुदियाना गांव जा रही थी। रास्ते में आरोपियों ने उसका अपहरण कर लिया और नशीला पदार्थ सुंघाकर दुष्कर्म किया। वह सभी आरोपियों को पहचानती है, लेकिन पुलिस उसकी शिकायत पर कार्रवाई नहीं कर रही। आरोप यह भी है कि आरोपी उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+