लोकसभा में उठी फेसबुक, ट्विटर पर प्रतिबंध की मांग

सदन में बोलते हुए रामगोपाल वर्मा ने कहा कि यह तो सिद्ध हो गया है कि दो ब्लॉग साइटों ने यह अफवाह फैलाई है, कि बैंगलोर, मुंबई, चेन्नई आदि शहरों में नॉर्थ ईस्ट के लोगों पर हमले होने वाले हैं। इस अफवाह को हवा मिली है सोशल नेटवर्किंग साइटों फेसबुक और ट्विटर की वजह से, तो क्यों न इन साइटों पर देश में प्रतिबंध लगा दिया जाये।
इससे पहले प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने नॉर्थ ईस्ट के लोगों को भरोसा दिलाया कि वे देश के हर कोने में सुरक्षित हैं। उन्होंने अपील की कि लोग नौकरी छोड़ कर न जायें और जहां हैं, वहीं रहें। वहीं गृहमंत्री सुशील कुमार शिंदे ने कहा कि जांच एजेंसियां अफवाह उड़ाने वालों का पता लगाने में जुटी हुई हैं और जल्द ही पुलिस उन्हें धर दबोचेगी। शिंदे ने उन कंपनियों से नॉर्थ ईस्ट के लोगों को दोबारा नौकरी पर रखने की भी अपील की है, जहां लोगों ने अपने इस्तीफे दे दिये हैं।
उधर बेंगलुरु, मुंबई, पटना, चेन्नई, आदि शहरों में कई लोगों का पलायन अभी भी जारी है। लोगों को डर है कि उन पर कहीं भी हमला हो सकता है।
वनइंडिया आपसे गुजारिश करता है कि कृपया आप अपने आस-पास रहने वाले नॉर्थ ईस्ट के लोगों को इस बात का अहसास करायें कि यह सब महज एक अफवाह है।












Click it and Unblock the Notifications