जहर की तरह फैल रहे गुटखा पर राजस्थान में प्रतिबंध

राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत ने मंत्री परिषद की बैठक में यह फरमान जारी किया। गहलोत ने बैठक के बाद मीडिया को बताया कि प्रदेश में तम्बाकू युक्त गुटखा का उत्पादन, विपणन, भंडारण और खरीद-बिक्री पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगा दिया गया है।
उन्होंने कहा, "सरकार इसे सख्ती से लागू करेगी। साथ ही मैं तम्बाकू युक्त गुटखा उत्पादकों से देशहित में उत्पादन बंद करने और गुटखे का उपयोग करने वाले लोगों से परिवार हित में इसको त्यागने की अपील करता हूं, जिससे सरकार का आधे से अधिक काम पूरा हो जाएगा।"
गहलोत ने तम्बाकू युक्त गुटखा का उत्पादन करने वाले कारखाने मालिकों से परिवार हित में तम्बाकू युक्त गुटखे का उत्पादन बंद करने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि कैंसर जैसी बीमारियों की जड़ यहीं से शुरू होती है, यदि इसका उत्पादन ही बंद हो जाएगा तो समाज देश को बहुत फायदा होगा।
गहलोत ने कहा कि गुटखा आदि जैसे तंबाकू युक्त पदार्थों का सेवन आत्महत्या करने के समान है। आम जनता से सहयोग की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि यह फैसला तभी उपयोगी साबित होगा जब लोगों का सहयोग मिलेगा।
गहलोत ने कहा कि वे केन्द्र सरकार से मौजूदा कानून मैं संशोधन कर तम्बाकू युक्त गुटखे और पान मसाले का उत्पादन करने वाले को पांच से दस साल की सजा का प्रावधान करने की अनुरोध करेंगे। राजस्थान में तम्बाकू युक्त गुटखे और पान मसाला बनाने वाली फैक्टरियां बंद करवायी जायेगी।












Click it and Unblock the Notifications