यूपी में मूसलाधार बारिश, बढ़ने लगा नदियों का जलस्तर

प्रदेश में कभी रूक-रूक कर तो कभी तेज बारिश के चलते जलभराव की स्थिति बनी हुई है। लखनऊ के निगोहा इलाके में बारिश के दौरान एक मकान गिरने से एक महिला की मृत्यु हो गयी जबकि उसकी बहू गंभीर रूप से घायल हो गयी। वहीं अनेक स्थानों पर प्रमुख नदियों का जलस्तर भी चढऩे लगा है।
मौसम विभाग के अनुसार, बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश में व्यापक तथा पूर्वी अंचल में भारी वर्षा हुई है। इस दौरान सर्वाधिक वर्षा सिद्वार्थनगर जिले के बांसी में 210 मिलीमीटर पर दर्ज की गई है, जबकि ककरही में 170, भिंगा में 150, बलरामपुर में 140, तुर्तीपार में 130, अयोध्या में 120, बहराइच में 110 तथा कानपुर में 100 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है।
पश्चिमी अंचल को छोड़कर मानसून पूरे प्रदेश में सक्रिय है और बीते 24 घंटों के दौरान बलिया तथा गोरखपुर में 70-70 मिलीमीटर और लखनऊ, शारदानगर और पलियाकला में 60 मिलीमीटर वर्षा हुई है। केन्द्रीय जल आयोग की रिपोर्ट के अनुसार, बीते दो दिनों के दौरान हुई व्यापक वर्षा से गंगा नदी का जल स्तर कानपुर, मिर्जापुर, वाराणसी, गाजीपुर और बलिया में ऊफान पर है, जबकि बरेली और शाहजहांपुर में रामगंगा, बांदा में यमुना तथा लखनऊ, सीतापुर तथा सुल्तानपुर में गोमती नदी बढ़ रही है।
रिपोर्ट के मुताबिक, घाघरा का जल स्तर बलिया और फैजाबाद में चढ रहा है, जबकि राप्ती नदी बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर और गोरखपुर में बढ़ रहा है। मौसम विज्ञानियों ने आगामी 24 घंटों के दौरान भी मानसून की सक्रियता बने रहने तथा प्रदेश के बड़े इलाके में व्यापक वर्षा की संभावना व्यक्त की है। बारिश के कारण सैकड़ों बीघा कृषि भूमि जलमग्न हो गयी है। मौसम विभाग ने अगले 36 घंटों में तेज बारिश होने की चेतावनी दी है।












Click it and Unblock the Notifications