बिस्तर गीला करने पर वार्डन ने बच्ची को पिलाया पेशाब

प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना शनिवार रात की बताई जा रही है जब काराबी छात्रावास की महिला वार्डन उमा पोद्दार ने औचक निरीक्षण के दौरान छात्रा सुनीता(बदला हुआ नाम ) को बिस्तर गीला करने का दोषी पाया और अपना आपा खोते हुए वार्डन ने सजा के तौर पर चादर निचोड़कर छात्रा को जबरन उसी का पेशाब पिलाया। घटना की जानकारी मिलने के बाद छात्रा के अभिभावकों समेत कई अन्य लोगों ने छात्रावास परिसर में पहुंचकर हंगामा किया।
विश्वभारती विश्वविद्यालय के प्रवक्ता से जब इस विषय पर पूछा गया तो उन्होंने कहा कि उन्हें सूचना मिली थी कि पाथा भवन की कक्षा पांच की छात्रावास में रहने वाली एक छात्रा को नींद में बिस्तर पर पेशाब करने के लिए सजा के तौर पर उसे अपना ही पेशाब पीना पड़ा। जहाँ तुरंत ही विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दे दिए गए हैं साथ ही जांच के लिए स्टुडेंट वेलफेयर डिपार्टमेंट की पूर्व डीन अरुणा मुखर्जी की अध्यक्षता में एक कमेटी बनाई गई है जो इस बाबत अपनी रिपोर्ट विश्वविद्यालय के वीसी को सौंपेगी।
गौरतलब है कि लड़की की मां ने वार्डेन पोद्दार के खिलाफ बीरभूम जिले के बोलपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। साथ ही राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने मामले पर स्वत: संज्ञान लेते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन से इस पूरे मामले की रिपोर्ट मांगी है।
आयोग की प्रमुख शांता सिन्हा ने इस मामले पर अपना पक्ष रखते हुए कहा है कि कोई जानवर भी ऐसा नहीं कर सकता है जैसा कि वार्डन ने छात्रा के साथ किया है। उन्होंने कहा कि इस मामले में दोषी को जल्द से जल्द सजा मिलनी चाहिए तभी जाके छात्रा के साथ इंसाफ होगा।












Click it and Unblock the Notifications