73 साल के वकील ने चुराया 90 गाड़ियां

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त डॉ. पी. करुणाकरन ने बताया कि साउथ रोहिणी थाना पुलिस को मास्टरमाइंड वाहन चोर धनीराम मित्तल के रोहिणी आने की सूचना मुखबिरों ने दी। सूचना के बाद एसएचओ जय प्रकाश की टीम ने धनीराम को चोरी की मारुति जेन कार के साथ धर दबोचा। यह कार उसने 20 दिन पूर्व पश्चिम विहार थाना क्षेत्र से चोरी की थी।
करुणाकरन के अनुसार, 73 साल के बुजुर्ग की पहचान हरियाणा के सोनीपत के मोहननगर निवासी धनीराम मित्तल के रूप में हुई है। आरोपी विभिन्न पार्किंग में अपनी कार को खड़ा करने के बाद पास खड़ी दूसरों की कार का मास्टर-की से लॉक खोलकर उड़ा लेता था। जब कभी वह पकड़ा भी जाता तो बुजुर्ग होने के कारण गलती से दूसरी कार का दरवाजा खोलने की बात कह बच निकलता।
पास में उसकी कार खड़ी होने के कारण लोगों व पुलिस को उसकी बात पर भरोसा हो जाता था और उसे छोड़ दिया जाता था। वह खास तौर पर कोर्ट परिसर में खड़ी पुरानी कारों को निशाना बनाता था। बाद में वह फर्जी कागजात तैयार कर उनको बेच देता था। दिल्ली राजस्थान व हरियाणा के विभिन्न थानों में वाहन चोरी, धोखाधड़ी आदि के करीब 90 मामले दर्ज हैं।
उसके खिलाफ वर्ष 1964 में रोहतक में पहला मामला दर्ज किया था। वर्ष 2012 में ही उसके खिलाफ दिल्ली के सुभाष पैलेस, पश्चिम विहार, नॉर्थ रोहिणी थाने में वाहन चोरी के तीन अलग-अलग मामले दर्ज किए गए थे। पुलिस ने उसके पास से चोरी की एक मारुति जेन, एक पल्सर मोटरसाइकिल के अलावा वारदात में इस्तेमाल दो कारों को बरामद किया है।












Click it and Unblock the Notifications