लोकसभा चुनाव में यूपी में दिखेगा 10 का दम
लखनऊ। 2014 में होने वाले लोकसभा चुनाव में इस बार उत्तर प्रदेश से '10 का दम' दिखने वाला है। यह दम दिखायेंगे बॉलीवुड व भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के दिग्गज वो भी चुनाव लड़ कर। राजनीतिक दल तैयारियों में जुट गई हैं वहीं इस चुनाव में फिल्मी सितारों ने भी भाग्य आजमाने के लिए जोर लगाना शुरू कर दिया है। चुनाव के लिए यूपी को खास तवज्जो देते हुए फिल्मी कलाकार लोकसभा चुनाव में प्रदेश की किसी न किसी सीट से भाग्य आजमाना चाहते हैं।
लोकसभा के पिछले चुनाव में मैनपुरी सीट से समाजवादी पार्टी अध्यक्ष मुलायम सिंह से सीधी लड़ाई में हार चुकी भाजपा की प्रदेश मंत्री और 'कभी राम बनके कभी श्याम बनके' गीत से चर्चित हुई गायिका तृप्ति शाक्य राज्य की शैक्षिक राजधानी इलाहाबाद से चुनाव लडऩा चाहती हैं।

भाजपा सूत्रों के अनुसार 2009 के लोकसभा चुनाव में गोरक्षपीठ के उत्तराधिकारी एवं गोरखपुर से सांसद योगी आदित्यनाथ से पराजित हुए भोजपुरी फिल्मों के स्टार और गायक मनोज तिवारी भाजपा के टिकट पर वाराणसी से चुनाव लडऩा चाहते हैं। हालांकि पिछला चुनाव वह सपा के टिकट पर लड़े थे। मनोज तिवारी को सपा से निकाले गये अमर सिंह का समर्थक माना जाता है।
आजमगढ़ की दीदारगंज विधानसभा सीट पर भाजपा से लड़कर जमानत जब्त करा चुके भोजपुरी गायक श्याम सुन्दर चौहान भी मऊ से चुनाव लडऩा चाहते हैं।
कांग्रेस चुनाव अभियान में सक्रिय रहने वाले भोजपुरी फिल्मों के सुपरस्टार रवि किशन जौनपुर लोकसभा सीट से चुनाव लडऩा चाहते है। भोजपुरी फिल्मों से लेकर हिन्दी फिल्मों में जलवा बिखेरनी वाली अभिनेत्री नगमा कैसरगंज लोकसभा सीट से चुनाव लडऩा चाहती हैं जबकि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय चुनाव आयोग की ब्रांड अम्बेस्डर रही लोक गायिका मालनी अवस्थी कई दलों के संपर्क में रहने के बावजूद अभी अपने पत्ते नहीं खोल रही हैं।
अभिनेत्री जयाप्रदा इस बार लोकमंच अध्यक्ष अमर सिंह के गृह जनपद आजमगढ से लडऩे की तैयारी कर रही हैं। हिन्दी फिल्मों में अनेक किरदार निभा चुके रजा मुराद सपा और कांग्रेस से लगातार संपर्क बनाए हुए हैं।
लोकसभा का चुनाव हार चुके निर्माता निर्देशक मुज्जफ्फर अली कांग्रेस के टिकट पर लखनऊ से चुनाव लडऩा चाहते हैं जबकि फिरोजाबाद से कांग्रेस के सांसद राज बब्बर भी लखनऊ से चुनाव लड़ना चाहते हैं। अब देखना यह होगा कि यह फिल्मी दुनिया में सफल यह कलाकार राजनीति के मैदान में खुद को कितना साबित कर पाते हैं।












Click it and Unblock the Notifications