कलाम एक सफल राष्ट्रपति नहीं-सुधाकर रेड्डी

सीपीआई के महासचिव एस. सुधाकर रेड्डी ने कहा है कि पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम अन्य क्षेत्रों में सफल रहे हैं लेकिन वे राष्ट्रपति के रूप में सफल नहीं रहे हैं। उन्होंने केन्द्र की यूपीए सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह केवल कार्पोरेट घरानों को ही फायदा पहुंचाने में लगे हैं। महंगाई व गरीबों की भलाई के लिए केंद्र की यूपीए सरकार कुछ नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि आम जनता के मुद्दों को लेकर राष्ट्रव्यापी आंदोलन के मद्देनजर आगामी 23 मई को दिल्ली में बैठक होगी।
महासचिव बनने के बाद पहली बार लखनऊ आए सुधाकर रेड्डी ने मीडिया से कहा, "जल्द ही उनकी पार्टी की बैठक में राष्ट्रपति चुनाव पर भी बात होगी। यूपीए राष्ट्रपति पद के लिए उम्मीदवार की पहल करे फिर हम सब उसके बारे में विचार करेंगे। इस बावत उनकी पार्टी के नेताओं की सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव से भी बात हुई है।"
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा मध्यावधि चुनाव के संकेत देने पर उन्होंने कहा कि ममता की इच्छा से चुनाव नहीं होने वाले। वैसे उन्हें मध्यावधि चुनाव की संभावना नजर नहीं आ रही है। इसके अलावा यूपी के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को बधाई देते हुए रेड्डी ने कहा कि बेरोजगारी भत्ता देने से कहीं ज्यादा नौकरी के अवसर बढ़ाए जाने की जरूरत है। घोषणा पत्र में चाहे जो कहा गया हो लेकिन सपा नेताओं ने चुनावी सभाओं में 30 वर्ष की उम्र के बाद ही बेरोजगारी भत्ता देने की घोषणा नहीं की थी। ऐसे में अब जिस तरह से 30 वर्ष की उम्र के बाद बेरोजगारी भत्ता देने का फैसला किया गया है उससे बेरोजगारों में निराशा है। वे खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। वास्तव में बेरोजगारी तो 20 वर्ष की उम्र से शुरू होती है, ऐसे में सरकार इस उम्र से ही बेरोजगारों को भत्ता दे।












Click it and Unblock the Notifications