बसपा कार्यकर्ताओं ने लोकायुक्त कार्यालय में की तोडफ़ोड़

लोकायुक्त एन.के.मेहरोत्रा ने पुलिस उपमहानिरीक्षक आशुतोष पांडेय को की गयी शिकायत में कहा कि बसपा नेता रामवीर उपाध्याय के समर्थक कार्यालय की ओर से पिछले शुक्रवार को मुख्यमंत्री को की गयी सिफारिश की प्रति लेने आये थे। कर्मचारियों ने जब समर्थकों को प्रति देने से इन्कार किया तो उन्होंनें कार्यालय में तोडफ़ोड़ की तथा दस्तावेज को नष्ट करना शुरू कर दिया।
आशुतोष पांडेय ने कहा कि लोकायुक्त कार्यालय में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। लोकायुक्त ने पिछले शुक्रवार को पूर्व ऊर्जा मंत्री रामवीर उपाध्याय के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति मामले में मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर इसकी जांच सीबीआई से कराने की सिफारिश की थी। बसपा नेताओं द्वारा पहले भी इस तरह की घटनाओं को अंजाम देने की कोशिश की जा चुकी है। इसी कारण लोकायुक्त ने कुछ दिन पहले राज्य सरकार को पत्र लिखकर कार्यालय की सुरक्षा बढ़ाने का आग्रह किया था तथा मेटल डिटेक्टर लगाने की मांग की थी।
मालूम हो कि लोकायुक्त एन.के. मेहरोत्रा बसपा के कई नेताओं के खिलाफ जांच कर चुके हैं। लोकायुक्त का कार्याकाल खत्म होने के बाद सपा सरकार द्वारा कार्याकाल बढ़ाया गया। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने इन नेताओं के खिलाफ जांच जारी रखने की भी बात कही थी। बहरहाल प्रदेश में लोकायुक्त की सुरक्षा को लेकर सरकार के सामने चुनौती खड़ी हो गयी है।












Click it and Unblock the Notifications