यूपी से 10 लोगों का राज्यसभा जाना तय

फिल्म अभिनेत्री और सपा की राज्यसभा सदस्य रह चुकीं जया बच्चन ने समाजवादी पार्टी और विनय कटियार ने भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार के रूप में पिछले 17 मार्च को नामांकन दाखिल किया था। श्रीमती बच्चन के नामांकन पर इस्माइल फरूकी नामक एकव्यकित ने आपत्ति उठायी और कहा कि वह बिना पर्याप्त पास के विधानसभा भवन गयी थीं इसलिये उनका नामांकन खारिज किया जाना चाहिये। इस्माइल फरूकी की आपत्ति को खारिज कर दिया गया।
जया बच्चन इससे पहले वर्ष 2004 में सपा से ही राज्य सभा की सदस्य बनी थीं लेकिन वर्ष 2006 में उन्होंने दो पदों का लाभ लेने की वजह से इस्तीफा देना पड़ा था। उस समय वह राज्य फिल्म विकास बोर्ड की अध्यक्ष थीं और उन्हें कैबिनेट स्तर के मंंत्री का दर्जा मिला था। वर्ष 2006 में वह दोबारा राज्य सभा के लिये चुनी गयीं परन्तु सपा अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव और सपा के पूर्व महासचिव अमर सिंह के विवाद की वजह से उन्होंने 2010 में राज्य सभा का पर्चा भरने से मना कर दिया।
सपा की ओर से जया बच्चन के अलावा दर्शन सिंह यादव, मुनव्वर अली, नरेश अग्रवाल, किरणमय नंदा और ब्रजभूषण तिवारी (कांग्रेस) रालोद की ओर से रशीद मसूद, भारतीय जनता पार्टी की ओर से उपाध्यक्ष विनय कटियार ने पर्चा भरा। कटियार इस समय राज्य सभा के सदस्य हैं लेकिन उनका कार्यकाल आगामी 12 अप्रैल को समाप्त हो रहा है। पार्टी ने उन्हें दोबारा राज्यसभा में भेजने का निश्चय किया है। बहुजन समाज पार्टी के उम्मीदवार के रुप में पूर्व मुख्यमंत्री मायावती और मुनकाद अली ने पर्चे दाखिल किये थे।
सपा के छह उम्मीदवारों में तीन उत्तर प्रदेश के बाहर पश्चिम बंगाल, मुंबई और मध्यप्रदेश के हैं जबकि दर्शन सिंह यादव इटावा, बृजभूषण तिवारी सिद्धार्थनगर और नरेश अग्रवाल हरदोई जिले के हैं। कांग्रेस के रशीद मसूद सहारनपुर जिले के मूल निवासी हैं वह कांग्रेस कार्यसमिति के आमंत्रित सदस्य हैं।












Click it and Unblock the Notifications