हिरोइन की खपत और स्मगलिंग का अड्डा बना भारत

संयुक्त राष्ट्र ने जो अपनी ड्रग रिपोर्ट पेश की है उसमें यह खुलासा हुआ है कि भारत साउथ एशिया में हिरोइन का सबसे बड़ा उपभोक्ता बन गया है। रिपोर्ट के मुताबिक पूरे साउथ एशिया में कुल 40 टन हिरोइन की खपत होती है जिसमें 17 टन की खपत केवल भारत में ही हो जाती है। इतनी हिरोइन की कीमत 1.4 बिलियन डॉलर है। भारत से ही यूरोप और अमेरिका में अफगानी हिरोइन की स्मगलिंग की जाती है।
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि भारत में हिरोइन की सबसे ज्यादा खपत तो ही होती है साथ ही यह इसकी स्मगलिंग का भी सबसे बड़ा अड्डा है। यहां से पड़ोसी देशों बांग्लादेश, नेपाल, श्रीलंका व पाकिस्तान में हिरोइन पहुंचाई जाती है। इसके अलावा पाकिस्तान के रास्ते बाकी देशों को भी हिरोइन की सप्लाई की जाती है।
इस समय मेट्रो शहरों में कोकीन और हिरोइन की खपत तेजी से बढ़ रही है। पिछले साल मुंबई में 23 किलो हिरोइन जब्त की गई थी जो वहां हो रही कुल खपत का एक बहुत छोटा हिस्सा है।
रिपोर्ट के मुताबिक भारत में हिरोइन का इस्तेमाल करने वाले लोगों की संख्या 3 मिलियन से भी ज्यादा है। भारत में जो 17 टन हिरोइन इस्तेमाल की जाती है उसमें से लगभग आधी से ज्यादा हिरोइन अफगानिस्तान से स्मगलिंग करके मंगाई जाती है। बाकी आधी हिरोइन की पैदावार भारत में ही की जाती है।
रिपोर्ट के मुताबिक भारत में गैरकानूनी तरीके से अफीम की खेती की जाती है। यह खेती लगभग 7,500 हेक्टेअर तक फैली हुई है। पिछले काफी समय से भारत पर यह आरोप लगता रहा था कि भारत पड़ोसी और पश्चिमी देशों को हिरोइन की स्मगलिंग करता रहा है। अब इस पर संयुक्त राष्ट्र ने भी अपनी रिपोर्ट पेश कर दी है।












Click it and Unblock the Notifications