2जी घोटाले पर बीजेपी ने कांग्रेस से कहा पिक्चर अभी बाकी है मेरे दोस्त

भाजपा ने कहा कि इस फैसले से सरकार की भ्रष्ट छवि नहीं बदल जाएगी और वह देश के सामने चिदंबरम की राजनीतिक जवाबदेही का मुद्दा उठाना जारी रखेगी। उसने कहा कि कहानी यहीं खत्म नहीं हो जाती क्योंकि निचली अदालत के इस निर्णय के विरूद्ध अभी भी उच्च न्यायालय और उसके बाद शीर्ष अदालत में जाने के रास्ते खुले हैं।
मुख्य विपक्षी दल के प्रवक्ता रविशंकर प्रसाद ने यहां कहा इस फैसले से न तो सरकार की भ्रष्ट छवि बदल जाएगी और न ही इसके खिलाफ हमारे अभियान की तीव्रता में कोई कमी आएगी। हम राष्ट्र के सामने इस बड़े घोटाले में चिदंबरम की जवाबदेही को उठाते रहेंगे। उन्होंने कहा कि चिदंबरम को 2जी मामले में अभियुक्त बनाने की दलील को खारिज करने का फैसला निचली अदालत का है।
इसके बाद दो अन्य उच्च अदालतें हैं जहां इस फैसले के खिलाफ अपील की जा सकती है। भाजपा प्रवक्ता रविशंकर ने दावा किया कि चिदंबरम के खिलाफ बहुत से सुबूत हैं। जनता के मन में गृह मंत्री से बहुत से प्रश्न हैं। देश उनका जवाब चाहता है जिसे सरकार को देना होगा।
पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता जसवंत सिंह ने कहा मुझे नहीं लगता यह फैसला निराश करने वाली बात है क्योंकि कहानी यहीं खत्म होने नहीं जा रही है। अभी उच्च न्यायालय और उच्चतम न्यायालय में जाने के रास्ते खुले हैं।












Click it and Unblock the Notifications