विदेश से कॉल आये तो हो जाएं सावधान

दरअसल, पिछले दिनों मोबाइल फोन ग्राहकों को अनजान नंबरों से भारी संख्या में मिस्ड कॉल मिल रही हैं। जिज्ञासा में जब ग्राहक कॉल बैक करते हैं तो कोई जवाब नहीं मिलता। ऊपर से सीधे 45 से 50 रुपये कट जाते हैं। इस परेशानी के चलते बड़ी मोबाइल कंपनियां अपने ग्राहकों को ऐसी कॉल से सावधान रहने की चेतावनी दे रही हैं। वैसे, टेलीकॉम विशेषज्ञ इस तरह की गतिविधियों को ऑपरेटर के साथ जुड़े लोगों का मिला-जुला खेल मान रहे हैं।
पिछले कुछ समय से ग्राहकों को ऐसी कॉल धड़ल्ले से आ रही हैं। ये कॉल आधी रात को और विदेशी नंबर से आती हैं। ज्यादातर कॉल +92 या +224 अंकों से शुरू नंबरों से आ रही हैं। वोडाफोन ने अपने ग्राहकों को ऐसे कॉल से सतर्क रहने की चेतावनी जारी की है। कंपनी का कहना है कि हम अपने ग्राहकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते है और इसके लिए लगातार प्रणाली का सुधार कर रहे हैं।
वोडाफोन के मुताबिक, पश्चिमी और पूर्वी यूपी और तमिलनाडु के ग्राहकों को इस तरह की ज्यादातर कॉल आ रही हैं। इससे पहले, एयरटेल भी अपने ग्राहकों को कह चुका है कि +92 से शुरू होने वाली अनजान फोन कॉल न उठाएं। दूसरी ओर उपभोक्ता संगठन इस मामले में मोबाइल फोन ऑपरेटरों पर आरोप लगा रहे हैं। ट्राई के उपभोक्ता संगठन सब्सक्राइबर एसोसिएशन के प्रमुख रंधीर वर्मा कहते हैं कि इस मामले में कहीं न कहीं फोन ऑपरेटर की भी भूमिका है। जिसकी जांच होनी चाहिए।
विशेषज्ञ महेश उप्पल कहते हैं यह फोन ज्यादातर उन देशों से आते हैं, जहां फोन कॉल की दर काफी महंगी है। ज्यादातर कॉल पाकिस्तान या अफ्रीकी नंबरों से आती हैं। यहां कॉल ट्रैफिक ज्यादा नहीं है। यहां ग्राहकों को एक मिनट के लिए फोन कॉल करने में ही सीधे 50 रुपये कट जाते हैं।












Click it and Unblock the Notifications