अमेरिका के चलते भारत को ईरान से कम तेल मिल रहा

अमेरिका में भारत की राजदूत निरुपमा राव ने कहा ईरान हमारे कच्चे तेल आयात का महत्वपूर्ण स्रोत है। यह आयात पिछले दो साल के दौरान कुछ घटा है हालांकि बहुत अधिक नहीं है। राव ने कहा कि प्रतिबंधों और ईरान के लिए बैंक चैनल के परिचालन में आ रही मुश्किलों को देखते हुए यह उम्मीद नहीं की जा सकती कि आयात और बढ़ेगा।
अमेरिका द्वारा भारत पर ईरानी तेल पर निर्भरता घटाने के दबाव के बारे में पूछे जाने पर राव ने कहा कि भारत अमेरिका सरकार के संपर्क में है और ईरान के घटनाक्रम पर नजदीकी से निगाह रखे हुए है। उन्होंने कहा कि भारत एक जिम्मेदार देश है जो इस मसले पर अंतर्राष्ट्रीय समुदाय के साथ मिलकर काम करेगा।
यहां काम कर रहे 60 लाख भारतीयों का जिक्र करते हुए राव ने कहा हम नियमों का पालन करते हैं और प्रणाली से बाहर जाकर नहीं खेलते। पर यह याद रखने की जरूरत है कि खाड़ी क्षेत्र भारत के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि खाड़ी क्षेत्र हमारे ऊर्जा आयात का स्रोत है। उन्होंने मेंगलूर रिफाइनरी का उल्लेख किया जो ईरान से कच्चे तेल का आयात करती है। चीन के बाद भारत ईरानी कच्चे तेल का सबसे बड़ा आयातक है।












Click it and Unblock the Notifications