चुनावी रंजिश में भाजपा नेता पर जानलेवा हमला
जौनपुर। विधानसभा चुनाव की सरगर्मी तेज हो गई है तो ऐसे में चुनावी रंजिश का सामने आना जाहिर है। इसी चुनावी रंजिश का एक सनसनीखेज मामला उत्तर प्रदेश में जौनपुर जनपद के सरायख्वाजा इलाके में देखने को मिला। आज सुबह अज्ञात बदमाशों ने भाजपा नेता राजकुमार सोनकर पर अंधाधुंध फायरिंग कर दिया। सोनकर इस जानलेवा हमले में बाल-बाल बच गये। जख्मी हालत में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डाक्टरों की कहना है कि सोनकर की हालत खतरे से बाहर है।
पुलिसिया सूत्रों की मानें तो पूर्व में बसपा में रहे और अब बीजेपी में आये राजकुमार सोनकर सुबह 8 बजे अपने घर से निकल कर मार्केट की तरफ जा रहे थे। उसी वक्त दो मोटरसाइकिलों पर चार अज्ञात बदमाशों ने पिस्तौल से पांच गोलियां चलाई और एक गोली उनके हाथ को छूते हुए निकल गई। फायरिंग करके बदमाश भाग गए। सोनकर को तत्काल अस्पताल लाया गया जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी मिल गई।
बीजेपी के जौनपुर प्रत्याशी एवं पूर्व विधायक सुरेन्द्र प्रताप सिंह ने इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा की और हमलावरों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। इस बीच पुलिस के आला अधिकारियों ने बताया कि इस घटना में शामिल बदमाशों को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जायेगा। पुलिस ने बताया कि जनपद की सीमाओं को सील कर दिया गया है और गहन चेकिंग की जा रही है।













Click it and Unblock the Notifications