फिल्म देखकर किया था अपहरण, पुलिस ने बचा लिया

नितिन को नशीला स्प्रे सुंघाकर अपनी गाड़ी में डाल लिया। पुलिस की गिरफ्त में आए अपहर्ताओं ने यह खुलासा किया। नितिन के चेहरे पर स्प्रे के कारण घाव के काफी निशान बन गए हैं। इन्हें भरने में समय लगेगा। पुलिस आयुक्त शत्रुजीत कपूर ने सेक्टर-12 स्थित खेल परिसर में बताया कि 4 जनवरी की शाम 8 बजे अपहर्ताओं ने चार्मवुड विलेज निवासी नितिन पुत्र धर्मवीर भड़ाना को उसके दोस्त आकाश से मिलने के बहाने चार्मवुड विलेज के गेट पर बुलाया था। वह फार्च्यूनर गाड़ी से इनके पास पहुंचा।
अपहर्ता सफेद सेंट्रो में थे। नितिन के पास पहुंचते ही इन्होंने उसे गाड़ी में खींच लिया और उसके मुंह पर स्प्रे मारकर बेहोश कर दिया। स्प्रे में थिनर मिला होने के कारण उसके चेहरे पर घाव बन गए। सेंट्रो के शीशों पर काली फिल्म चढ़ी थी। नितिन के मुताबिक गाड़ी में तीन से चार लोग थे। उनमें एक लड़की भी बताई जा रही है। अपहरण के बाद नितिन को अनखीर पुलिस चौकी से मात्र 200 मीटर की दूरी पर सेक्टर-21सी के मकान नंबर-714 में रखा गया।
जांच थाना सूरजकुंड प्रभारी उदयराज को सौंपी गई। अपहर्ताओं में से एक की लोकेशन नोएडा में मिली। पुलिस ने 6 जनवरी को मुख्य आरोपी हेमंत शर्मा निवासी स्थानीय सेक्टर-28 को धर दबोचा। उससे पूछताछ के बाद पुलिस देरशाम सेक्टर-21सी के मकान पर पहुंची। इस मकान में दो कमरे थे, जिन पर बाहर से ताला लगा था। पुलिस ने ताला तोड़कर बंधक नितिन को छुड़ाया। उसके साथ कमरे में मिले आरोपी गौरव शर्मा निवासी जैतपुर दिल्ली को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
अपहर्ताओं ने नितिन के परिजनों से साढे़ पांच करोड़ रुपये फिरौती मांगी थी। पुलिस आयुक्त के अनुसार, आरोपी लड़की बनकर नितिन को एसएमएस किया करते थे। नितिन की शादी होने वाली थी तो उसने अपने दोस्त आकाश को उस लड़की का नंबर दे दिया। आकाश नितिन के रुप में उससे बात करता था। एक दिन आरोपी ने लड़की की आवाज में उसे बुलाया।
आकाश ने नितिन को यह बात बताई फिर दोनों कार से वहां पहुंचे। तो नितिन का अपहरण हो गया। मुख्य आरोपी हेमंत टैक्सेशन वकील है और मूल रूप से अलीगढ़ का निवासी है। गौरव शर्मा रिश्ते में हेमंत के मामा का लड़का है। हेमंत ने गौरव के साथ अपहरण की योजना बनाई थी। अपहरण में एक लड़की के शामिल होने की बात सामने आ रही थी। लड़की सेक्टर-37 की रहने वाली है और हेमंत की दोस्त है। वह किसी न्यायिक अधिकारी की बेटी है। पुलिस ने लड़की से पूछताछ करने के बाद उसे छोड़ दिया।
नितिन के मुताबिक, उसे कमरे के अंदर रस्सी से हाथ-पैर बांधकर रखा गया। वहीं खाना लाकर खिलाया जाता था। मुंह पर टेप लगाई थी। कई बार अपहर्ता उससे बोलने को कहते और मोबाइल से वीडियो फिल्म बनाते थे, ताकि उसके घरवालों को दिखा सकें। सेक्टर-21सी के जिस मकान में नितिन को बंधक बनाकर रखा गया था, वह दिल्ली निवासी डॉ. भगीरथ का बताया गया है।
इस मकान में एक यूनिवर्सिटी के 3-4 छात्र रहते थे। उन्होंने यह मकान 21 दिसंबर को छोड़ दिया था। यह जानकारी पड़ोसी हरप्रीत ने दी। उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार रात उन्हें इस मकान में हाथ-पैर मारे जाने की आवाज सुनाई दी थी। दिन में मकान के बाहर एक स्विफ्ट कार व बाइक भी खड़ी देखी गई थी। यह नहीं पता था कि यहां किसी को अपहरण करके रखा गया है।
पुलिस के मुताबिक, नितिन का अपहरण साढे़ पांच करोड़ की फिरौती के लिए किया गया था। दोनों ही आरोपी प्रोफेशनल नहीं हैं। उन्होंने पहली बार वारदात को अंजाम दिया और पकडे़ गए। आरोपी नितिन को यह कहकर डराते रहते थे कि उसे यूपी के शहर मुजफ्फरनगर में रखा गया है। यहां वे उसे गोली मार देंगे और कोई कुछ नहीं कर सकता।












Click it and Unblock the Notifications