भारत फ्रांस से खरीदेगा 490 मिसाइलें

इन मिसाइलों का विनिर्माण फ्रांस की कंपनी एमबीडीए द्वारा किया गया है। आने वाले दिनों में इन मिसाइलों से भारतीय वायु सेना के 51 मिराज-2000 विमानों को लैस किया जाएगा। इन विमानों को फ्रांस के कारखानों में उन्नत बनाने पर काम चल रहा है। इन विमानों को अत्याधुनिक बनाने के लिए फ्रांस से 1.47 अरब यूरो का सौदा पहले ही हो चुका है।
समझौते के तहत, एमबीडीए को सौदे के 30 प्रतिशत मूल्य का आफसेट करना पड़ेगा, अर्थात उसे भारतीय रक्षा क्षेत्र में 31.5 करोड़ यूरो का निवेश करना होगा। रक्षा खरीद प्रक्रिया के तहत इस बात की अनिवार्यता है कि 300 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के ठेके हासिल करने वाले विदेशी वेंडरों को ठेका मूल्य का कम से कम 30 प्रतिशत भारतीय रक्षा, नागरिक विमानन या देश के सुरक्ष क्षेत्र में निवेश करना होगा।
भारत ने वायु सेना के 51 मिराज-2000 लड़ाकू विमानों को उन्नत बनाने के लिए फ्रांसीसी कंपनियों थेल्स और दसाल्त एविएशन के साथ सौदे किए हैं। इसके तहत दो विमानों को उन्नत बनाने के लिए पहले ही फ्रांस भेजा जा चुका है, जबकि शेष विमानों का आधुनिकीकरण भारत में ही एचएएल के कारखानों में किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications