दिल्ली: पड़ोसी ने ही लूटा था व्यापारी को

पुलिस के मुताबिक, दबोचे गए आरोपियों में गुरमैल और गौरव गुरुद्वारे के ग्रंथी हैं। पुलिस पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है। पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त प्रभाकर ने बताया रविवार सुबह चंदर नगर, न्यू लॉयलपुर निवासी गगन कपूर से बदमाशों ने गन प्वाइंट पर 20 लाख रुपये कैश और पांच लाख रुपये का डीडी लूट लिया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि गगन का गांधी नगर में गारमेंट के अलावा स्टिकर बनाने और कम कमीशन पर डीडी बनवाने का भी काम है। अकसर वह मोटी रकम घर से गांधी नगर अपने ऑफिस लेकर जाते थे।
पुलिस को गगन ने पिछले 24 घंटे के भीतर मोबाइल पर आए संदिग्ध नंबरों के बारे में बताया। पुलिस ने नंबर के आधार पर ही शक होने पर गगन के पड़ोसी सचिन कश्यप से पूछताछ की, तो वह टूट गया। उसने लूट की वारदात को अंजाम देने की बात कुबूल कर ली। सचिन के मुताबिक, रुपयों की जरूरत के चलते उसने जगतपुरी गुरुद्वारे ग्रंथी गुरमेल को लूट की साजिश बताई।
गुरमेल ने मालवीय नगर गुरुद्वारे में तबला बजाने वाले अपने दोस्त गौरव से संपर्क किया। बाद में किशनपाल और अमरीक को शामिल कर वारदात को अंजाम दिया गया। लूट के बाद साउथ एक्सटेंशन इलाके में माल का बंटवारा किया गया। पुलिस ने सचिन की निशानदेही पर बाकी आरोपियों को दबोचकर लूट गया माल बरामद कर लिया।
सट्टे में माल गंवाने के बाद सचिन काफी परेशान था। ऐसे में नुकसान की भरपाई के लिए उसे रुपयों की जरूरत थी। सचिन अच्छी तरह जानता था कि उसके पड़ोसी गगन अकसर मोटी रकम घर से लेकर निकलते हैं। बस फिर क्या था, सचिन ने गगन को लूटने की साजिश रच डाली। इसके लिए उसने अपने जानकार गुरमेल सिंह को शामिल किया। दोनों ने रुपयों का लालच देकर बाकी लोगों को लूट में शामिल किया।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार अमरीक ग्रेजुएट है और चंद ही दिनों पहले दिल्ली में रोजगार की तलाश में आया था। मामले की जांच में जुड़े एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि सचिन अकसर क्रिकेट मैच पर सट्टा लगाता था। पिछले दिनों उसे सट्टे में काफी नुकसान हुआ। सचिन को पता था कि गुरमेल आपराधिक प्रवृति का है और वह उसके काम आ सकता है।
गुरमेल जगतपुरी गुरुद्वारे में ग्रंथी के अलावा कभी-कभार वाहन चोरी की वारदात को अंजाम देता था। उसने लूट में उसे शामिल किया। गुरमैल ने बाद में अपने दोस्त गौरव को लूटपाट की साजिश के बारे में बताया। बाद में गौरव के कहने पर कुछ ही दिनों पूर्व दिल्ली आए किशन और अमरीक भी लूट में शामिल हो गए।












Click it and Unblock the Notifications