सिब्बल को परहेज, युवा कांग्रेस ने किया गूगल के साथ करार

गूगल की इस सेवा यानी गूगल एप्लीकेशन के जरिए देशभर में युवा कांग्रेस के लगभग पांच लाख से ज्यादा पदाधिकारी दिल्ली में अखिल भारतीय युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों से सीधे संपर्क में होंगे। युवा कांग्रेस के पदाधिकारी गूगल की विभिन्न सेवा जैसे जीमेल, गूगल डॉक्स और गूगल की विभिन्न वेबसाइटों का इस्तेमाल आपसी संपर्क के लिए कर रहे हैं। युवा कांग्रेस के अध्यक्ष राजीव सातव ने कहा कि इस सेवा से जुड़े रहने के कारण पदाधिकारियों को आपसी संपर्क में काफी आसानी हो रही है। वहीं, गूगल इंडिया के प्रबंध निदेशक राजन आनंदन कहते है कि भारतीय युवा कांग्रेस के गूगल से जुड़ने से हम देख रहे हैं कि देश में तकनीक से जुड़ने के रास्ते खुल गए हैं और भविष्य के लिए यह बेहतर संकेत है।
गूगल की सेवा के जरिए देशभर के युवा कांग्रेस पदाधिकारी हाईकमान को अपने कामकाज की रिपोर्टिंग और विचारों का आदान प्रदान करते हैं। मोबाइल फोन के जरिए ऐसा करना काफी कठिन और महंगा पड़ता था, लेकिन गूगल सेवा ने यह दिक्कतें खत्म कर दी हैं। युवा कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि राहुल गांधी के खास निर्देश हैं कि युवा कांग्रेस के पदाधिकारी इंटरनेट का इस्तेमाल बखूबी जानते हों। इसके लिए संगठन की ओर से अभी चार दिन का परीक्षण कार्यक्रम भी शुरू किया गया था।












Click it and Unblock the Notifications