गंगा को बचाने के लिये निगमानंद के गुरू का आमरण अनशन

गंगा की स्वच्छता और सुरक्षा के लिये निगमानंद के गुरू 65 वर्षीय शिवानन्द ने गत शुक्रवार से अपना अनशन शुरू किया था, जो आज तीसरे दिन भी जारी रहा। हरिद्वार के मातृसदन में चल रहे अनशन के दौरान उनको समर्थन देने के लिये द्वारकापीठ तथा बद्रिकाश्रम के शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती के प्रतिनिधि स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद आज दूसरे दिन भी शिवानंद के पास पहुंचे तथा शंकराचार्य की ओर से समर्थन जारी रखने की घोषणा की।
उन्होंने बताया कि फिल्म अभिनेत्री लीसा रे ने भी गत शुक्रवार को पूरे दिन शिवानंद के समर्थन में अनशन किया था। मातृसदन के व्यवस्थापक स्वामी दयानंद ने बताया कि बनारस गंगा महासभा के महामंत्री आचार्य जितेन्द्र ने भी स्वामी शिवानंद के समर्थन में अनशन करने की घोषणा की है और वह आगामी 28 नवंबर को यहां पहुंचेंगे। शिवसेना के राज्य प्रमुख संजय तोमर तथा प्रमुख पर्यावरणविद जी डी अग्रवाल ने भी शिवानंद के मांग का समर्थन किया है।
दूसरी ओर, शिवानंद के मातृसदन आश्रम पर आज भी जिला प्रशासन को कोई अधिकारी उनसे बातचीत करने के लिये नहीं पहुंचा। शिवानंद की प्रमुख मांग है कि पूरे हरिद्वार में गंगा नदी में खनन पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया जाये। उन्होंने घोषणा कर रखी है कि जब तक गंगा में खनन पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगाने के लिये राज्य सरकार अधिसूचना जारी नहीं करती है, तब तक वह अपना अनशन नहीं तोडेंगे।












Click it and Unblock the Notifications