अंतरजातीय विवाह पर तनाव, महिला अधिकारी ने मीडिया पर जड़े आरोप

आइएफएस अधिकारी ने इस विवाद के लिए मीडिया को जिम्मेदार बताया है। इस मामले में ब्राह्मण समाज ने रविवार को गांव में पंचायत कर नीलम के दूसरी जाति के लड़के से शादी करने के फैसले पर विरोध जताया था। लड़की के पिता को पंचायत में बुलाया गया था, पर किसी कारणवश वह पंचायत में नहीं आ सके। उनकी जगह लड़की के चाचा पंचायत में गए थे। उन्होंने कहा कि लड़की ने लड़के को पसंद किया है। दोनों बालिग हैं, इस मामले में परिवार कुछ नहीं कर सकता। पंचायत ने इस पर लड़की के विदेश से आने पर शादी न करने के लिए मनाने की जिम्मेवारी उसके चाचा पर छोड़ी थी।
पंचायत ने कहा था कि अगर लड़की मान जाए तो ठीक नहीं तो दोबारा से पंचायत बुलाई जाएगी। नीलम की शादी गुजरात कैडर के आइएएस अधिकारी कुलदीप आर्य के साथ तय हुई है। नीलम फिलहाल रूस में ट्रेनिंग कर रही है। इस मामले की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अश्विन शैणवी ने गांव का दौरा किया और परिजनों को सुरक्षा व्यवस्था के प्रति आश्वस्त किया।
उन्होंने एक पीसीआर व तीन पुलिस कर्मचारियों को नीलम शर्मा के घर पर तैनात कर दिया है। उधर, इस मामले में सर्वजातीय एकता मंच के प्रधान सुरेश अरोड़ा व लोकसेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष रामनिवास शर्मा ने पंचायत की निंदा की है। उन्होंने कहा कि नीलम शर्मा ने जब संघर्ष करके सफलता हासिल की थी तो समाज के ठेकेदार कहां गए थे। आज वह सफलता के मुकाम पर है और वह अपनी इच्छा से कहीं विवाह कर रही है तो उसका विरोध करना निंदनीय है।












Click it and Unblock the Notifications