कहीं मायावती की कुर्सी न छीन ले नोएडा ड्रीम प्रोजेक्ट!

अगले साल चुनाव होंने हैं अप्रैल मई तक। इसका तात्पर्य है कि माया की कुर्सी मई तक तो जानी ही जानी है इसलिए कोई भी मुख्यमंत्री नोएडा का दौरा तभी करता है जब उसकी कुर्सी का जाने का समय हो जाता है, नहीं तो नोएडा में कई बड़ी घटनाएं हुई पर मायावती जिले की दौरे पर नहीं आईं। पर चलिए आज मुख्यमंत्री मायावती जिले की दौरे पर आज आ रही हैं। इसलिए कम से कम आप नोएडा जाइएगा तो जरा संभल कर। क्योंकि मुख्यमंत्री मायावती के दौरे के मद्देनजर शुक्रवार को चार घंटे तक शहर में प्रमुख रूटों को डायवर्ट कर दिया गया है।
आपको बता दें कि मुख्यमंत्री शुक्रवार की शाम पांच बजे एपीजे स्कूल के ग्राउंड में हेलीकॉप्टर से उतरेंगी। इसके बाद वे सेक्टर-95 स्थित राष्ट्रीय दलित प्रेरणा स्थल (सेंट्रल पार्क) पहुंचेंगी और दलित प्रेरणा स्थल समेत 15 परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगी। पार्क के निर्माण में करीब 1200 करो़ड़ रुपये खर्च किए गए हैं। 33.3 हेक्टेयर में विकसित पार्क के 75 प्रतिशत हिस्से में ग्रीनरी और 25 प्रतिशत हिस्से में निर्माण कार्य किया गया है। सेक्टर-30 स्थित डॉ. भीमराव मल्टीस्पेशयलिटी अस्पताल, महामाया बालक इंटर कॉलेज, गौतमबुद्ध बालक इंटर कॉलेज आदि का लोकार्पण भी वे करेंगी। सेंट्रल पार्क परिसर में मुख्यमंत्री जनसभा को भी संबोधित करेंगी। फिर वे ग्रेटर नोएडा स्थित गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय जाएंगी।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के मद्देनजर शहर में रूट डायवर्ट कर दिया गया है। नोएडा एंट्री प्वाइंट से फिल्म सिटी व सेंट्रल पार्क की ओर जाने वाले सभी मार्गों को शहर के दूसरे मार्गों की ओर चार घंटे के लिए डायवर्ट किया गया है। सूत्रों ने बताया कि सीएम की सुरक्षा के मद्देनजर दोपहर तीन बजे से फिल्म सिटी, मयूर विहार से सेक्टर-16 ए फिल्म सिटी, डीएनडी से ग्रेटर नोएडा, कालिंदी कुंज से फिल्म सिटी, ग्रेटर नोएडा से फिल्म सिटी, फिल्म सिटी से डीएनडी, फिल्म सिटी से ग्रेटर नोएडा, ग्रेटर नोएडा से मयूर विहार, ग्रेनो से डीएनडी, सेक्टर-15ए से डीएनडी, सेक्टर-15ए से फिल्म सिटी व सेक्टर-15ए से एक्सप्रेस-वे के रूट को डायवर्ट कर दिया गया है।
इससे पहले गुरुवार को मुख्यमंत्री आगमन को लेकर राष्ट्रीय दलित प्रेरणा स्थल एवं ग्रीन गार्डन (सेंट्रल पार्क) में गहमागहमी का माहौल रहा। शासन से लेकर स्थानीय प्रशासन, पुलिस व प्राधिकरण के अधिकारी देर रात तक तैयारियों में जुटे रहे। सभी की यही कोशिश थी कि तैयारियों में किसी तरह की कोई चूक न हो। सबसे ज्यादा ध्यान मुख्यमंत्री की सुरक्षा बंदोबस्त पर दिया जा रहा है। इसके लिए बृहस्पतिवार को रिहर्सल किया गया।
लोकार्पण की तैयारियों को लेकर कई दिनों से शासन स्तर के उच्चाधिकारी नोएडा में डेरा डाले हुए हैं, लेकिन बृहस्पतिवार को कैबिनेट मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दिकी सहित स्थानीय नेता व पार्टी कार्यकर्ता भी पार्क में कार्यक्रम की तैयारियों में जुटे रहे। मुख्य स्तूप के प्रत्येक पत्थर को चमकाने के लिए काफी संख्या में महिला मजदूर दिनभर उन्हें पोछने में जुटी रहीं। मुख्यमंत्री के लिए पार्क के भीतर मुख्य स्तूप पर अस्थाई मंच बनाया गया है। वहां से वह लोगों को संबोधित करेंगी। पूरे कार्यक्रम की रिकर्डिग के लिए पार्क के चप्पे-चप्पे पर 40 कैमरे लगाए गए हैं। लोगों को कार्यक्रम देखने में किसी तरह की परेशानी न हो इसके लिए जगह-जगह एलसीडी भी लगी हुई हैं।
पार्क के बाहर सुरक्षा व्यवस्था बृहस्पतिवार की सुबह से ही चुस्त कर दी गई थी। बिना पहचान पत्र दिखाए किसी बाहरी व्यक्ति के पार्क में प्रवेश पर रोक लगी रही। सुरक्षा व्यवस्था में कोई चूक न हो इसके लिए सेक्टर 14ए स्थित कंट्रोल रूम में एसएसपी, डीआइजी व आइजी ने सभी पुलिसकर्मियों को उनकी ड्यूटी के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सुरक्षा में करीब 5000 जवानों को तैनात किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications