कसाब को फांसी न देना, शहीदों का मजाक: केपीएस गिल

पंजाब के पूर्व पुलिस महानिदेशक केपीएस गिल ने कहा कि कसाब औऱ अफजल को फांसी पर न लटकाना शहीदों के साथ मजाक है। जवानों की विधवाओं ने कहा आज वोट बैंक के लिए कसाब औऱ अफजल को बचाने में सरकार लगी हुई है। शहीदों की विधवाओं ने संसद हमले के मास्टर माइंड अफजल, एमएस बिट्टा पर हमले के आरोपी भुल्लर और पाकिस्तानी आतंकवादी अजमल कसाब को तत्काल फांसी पर चढ़ाने की मांग की।
संसद हमले में शहीद विजेंद्र सिंह की पत्नी जयवती उस मंजर को याद करते हुए रो पड़ती हैं और कहती हैं कि मेरे पति ने देश के लिए जान की बाजी लगाई लेकिन सरकार आतंकवादियों को सजा दिलाने में लचीला रुख अपना रही है। कांग्रेस अफजल और भुल्लर को वोट बैंक खिसकने के डर से सजा नहीं दे रही है।
शहीद मान सिंह नेगी की विधवा कमला नेगी ने कहा कि जब तक इन आतंकवादियों को फांसी पर लटकाया नहीं जाता है, हम चुप नहीं बैठेंगे। बिट्टा पर हुए हमलों के दौरान शहीद हुए सुखवीर सिंह के भाई विक्रम सिंह ने बताया कि छोटे भाई की मौत के बाद परिवार पर जैसे दुख का पहाड़ टूट पड़ा। एक हफ्तेे बाद पिता स्वर्ग सुधार गए तो छोटी बहन की मानसिक स्थिति खराब हो गई। आतंकवादियों को माफी देने की कोशिश की उन्होंने पुरजोर निंदा की।
आतंकवाद विरोधी मोर्चा के चेयरमैन एमएस बिट्टा ने कहा कि आतंकवाद को बढ़ावा देने के लिए ब्लैक मनी कहां से आ रही है, इसकी सही जांच और सरकार द्वारा नीति बदलने के बाद ही आतंकवाद का खात्मा किया जा सकता है।
भुल्लर के मामले में बिट्टा ने कहा कि जो लोग उसके समर्थन में प्रदर्शन कर रहे हैं उन्हें बाकायदा विदेशों से मोटी रकम भेजी जा रही है। पंजाब के पूर्व पुलिस महानिदेशक केपीएस गिल ने कहा कि पंजाब में आतंकवाद के दौरान हम लोगों ने जनता को साथ लिया था। जबकि आज ऐसा नहीं है। आतंकवादियों को फांसी पर न लटकाकर शहीदों का खुलेआम मजाक उठाया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications