भट्टा परसौल को फिर गर्म करेंगे राहुल गांधी

किसान महापंचायत की तैयारियों के लिए कांग्रेस ने 25 सदस्यी स्वागत समिति तथा 9 सदस्यीय समन्वयक मंडल की घोषणा कर दी है। पार्टी के प्रवक्ता सुबोध श्रीवास्तव के अनुसार महापंचायत को सफल बनाने के लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रीता बहुगुणा जोशी लगातार राज्य के विभिन्न जिलों में दौरा कर रही हैं। इस क्रम में उन्होंने फैजाबाद, देवीपाटन, बस्ती एवं गोरखपुर मण्डल के कई शहरों का दौरा किया तथा पार्टी की जिला इकाइयों के सदस्यों व पदाधिकारियों के साथ बैठक की।
उन्होंने राज्य के विभिन्न जिलों में कार्य कर रहे पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे किसानों के बीच जाकर पार्टी का संदेश उन तक पहुंचाएं। श्री श्रीवास्तव ने कहा कि 19 जून को कांग्रेस महासचिव श्री राहुल गांधी के जन्म दिवस के अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटियों द्वारा पूरे राज्य में न्याय पंचायत स्तर पर चौपाल लगाकर किसानों एवं ग्रामवासियों की भूमि अधिग्रहण, मुआवजा, पुनर्वास, वृद्धावस्था पेंशन, मनरेगा, स्वास्थ्य योजनाओं के साथ कई अन्य मुददों पर बातचीत होगी।
उन्होंने बताया कि इस दौरान वार्ड स्तर पर शिविर लगाकर जन सुनवाई की जायेगी एवं नागरिकों से सडक, बिजली, पानी, सीवर, सफाई, स्वास्थ्य, पुलिसिया उत्पीडन, बसपा नेताओं के द्वारा अवैध कब्जे सहित सभी जनसमस्याओं के बारे में शिकायती पत्र प्राप्त किए जाएंगे।।इन शिकायतों की एक प्रति सम्बन्धित जिलाधिकारी व अन्य अधिकारियों को प्रेषित की जाएगी। उन्होंने कहा कि श्री गांधी के जन्म दिन को किसान अधिकार दिवस के रूप में मनाया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications