दिल्ली : लाखों की ठगी में फर्जी आईएएस गिरफ्तार

सूत्रों ने बताया कि पीतमपुरा के पुष्पांजलि में जिम चलाने वाले राजेश क्वात्रा ने पुलिस को बताया कि 2007 में उसके जिम में अमित सिंगला नामक व्यक्ति आता था। अमित ने खुद को आईएएस अफसर बताया था। अमित ने अपने दोस्त की किडनी की बीमारी से मौत और उसे 75 लाख रुपये की माली मदद की फर्जी दास्तान सुनाकर राजेश क्वात्रा का भरोसा हासिल कर लिया। इसके बाद अमित ने राजेश से रकम लेनी शुरू की। अमित खुद को मशहूर सीईओ चंद्रा कोचर का नजदीकी बताकर शेयर मार्केट में रकम कमाने का झांसा देकर राजेश क्वात्रा से लाखों रुपये लेता रहा। शुरुआत में अमित रकम वापस करता रहा , लेकिन बाद में उसने धोखेबाजी शुरू कर दी।
राजेश ने शेयर मार्केट में पैसा लगाने के लिए अपने दोस्त मनोज गोयल से भी पैसा लिए। उसने कुल 45 लाख 20 हजार रुपये अमित सिंगला को दिए। अमित ने पिछले साल 30 लाख के चेक मनोज गोयल को और तीन लाख रुपये के चेक राजेश क्वात्रा को दिए। चेक देने के बाद अमित ने चेकबुक गुम होने की जानकारी बैंक को दे दी। उसने चेकों पर उसके फर्जी दस्तखत करने का आरोप लगाकर मनोज और राजेश के खिलाफ पंचकुला में रिपोर्ट भी दर्ज करा दी।
उधर, राजेश क्वात्रा ने मंगोलपुरी थाने में अपनी रपट लिखवाई जिसके बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर पंचकुला में रेड डालकर अमित सिंगला (29) को गिरफ्तार कर लिया। जिसके बाद पता चला कि वह न तो आईएएस अफसर है न ही वह वित्त मंत्रालय में तैनात है। वह फर्जी आईएएस है तथा वह हरियाणा का रहने वाला है।
;











Click it and Unblock the Notifications