फ्रेंडशिप नहीं की तो छात्राओं के साथ की मारपीट

सरेआम इस तरह की वारदात को देख काफी लोग दौड़े, मगर वे छात्राओं को धमकी देकर फरार हो गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और छात्राओं का गुरुवार रात को बीके अस्पताल में मेडिकल कराया। पुलिस ने तीनों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। एक युवक की पहचान हो गई है।
अशोका एंकलेव में रहने वाली एक छात्रा और उसकी सहेली अकाउंट्स की ट्यूशन पढऩे के लिए सेक्टर-37 स्कूटी पर सवार होकर जाती हैं। गुरुवार को भी वे ट्यूशन से घर की तरफ लौट रही थीं। इसी दौरान बजरंग चौक के पास दो बाइकों पर तीन युवक आए। इन युवकों ने उनसे फ्रेंडशिप करने पर जोर दिया। उन्होंने मना कर दिया। इसके बाद युवकों ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी।
टक्कर लगने के बाद दोनों छात्राएं नीचे गिर गईं। इसके बाद युवकों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के दौरान दोनों छात्राओं के कपड़े फाडऩे की कोशिश भी की गई, लेकिन छात्राओं ने उनका मुकाबला किया। इसके बाद युवकों ने एक छात्रा को पकड़ लिया और उसका पैर बाइक के साइलेंसर से जला दिया। एसआई वेदप्रकाश का कहना है कि उन्होंने शिकायत के आधार पर अशोका एंकलेव में रहने वाले सागर चौधरी व दो अन्य के खिलाफ छेड़छाड़ व मारपीट का केस दर्ज कर लिया है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। रात को भी पुलिस की एक टीम ने सागर को दबोचने के लिए रेड मारी, मगर वे नहीं मिले। तीनों आरोपी भी स्कूल में पढऩे वाले छात्र हैं।












Click it and Unblock the Notifications