एयर इंडिया के विमान उड़ायेंगे किंगफिशर के पायलट!

खबर ये भी आ रही है कि हड़ताल के निपटने के लिए एयर इंडिया, किंगफिशर से समझौता कर सकती है। इसके तहत एयर इंडिया के रनवे पर खड़े विमानों को किंगफिशर के पायलट्स उड़ाएंगे। उधर, नौकरी से निकालने और कैद की चेतावनी के बावजूद 1,600 पायलटों की हड़ताल चौथे दिन भी जारी रहने से शनिवार को करीब 130 उड़ानें रद्द की गईं। कोर्ट की अवमानना के आरोप में पायलटों को छह महीने की कैद होने की आशंका के बावजूद यह हड़ताल जारी है। वहीं एविएशन सर्विस को आंशिक रूप से बंद करने पर भी विचार चल रहा है।
इस कारण कंपनी नियमित 320 उड़ानों में से केवल 39 का परिचालन कर पा रही है। एयर इंडिया के प्रवक्ता ने कहा कि हमने घरेलू परिचालन में 52 प्रतिशत से अधिक की कमी की है और सिर्फ ट्रंक मार्गों पर विमानों का परिचालन कर रहे हैं। वह भी ऐसे ट्रंक मार्ग जो केवल महानगरों से जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि आकस्मिक योजना के तहत पायलटों की कमी की वजह से हमने उड़ानों की संख्या में कमी की है।
दिल्ली से एयर इंडिया केवल 21 उड़ानों का परिचालन कर रही है। प्रवक्ता ने कहा कि मुंबई से 9 बजे सुबह से 11:30 बजे तक केवल पांच विमानों ने उड़ान भरी है। सुबह 9 बजे से पहले मुंबई से एयर इंडिया का कोई विमान उड़ान नहीं भर सका। आपको बता दें कि 2007 से अब तक करीब तीन अरब डॉलर का घाटा झेल चुकी एविएशन कंपनी को इस हड़ताल से अब तक 26 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। 2007 में इंडियन एयरलाइंस का एयर इंडिया में विलय करके नई कंपनी नैशनल एविएशन कंपनी ऑफ इंडिया लिमिटेड का गठन किया गया था।












Click it and Unblock the Notifications