सोनिया की चिट्ठी पढ़कर खुशी हुई: अन्ना हजारे

उल्लेखनीय है कि सोमवार को अन्ना हजारे ने पत्र लिखकर सोनिया गांधी से ये पूछा था कि उनकी पार्टी के वरिष्ठ नेता जिस तरह की बयानबाजी कर रहे हैं क्या उन्हें सोनिया का समर्थन प्राप्त है? इसके जवाब में सोनिया ने हजारे को पत्र लिखकर जवाब दिया है कि वो ना तो उन लोगों का समर्थन करती हैं जो हजारे पर गैर जिम्मेदाराना टिप्पणियां करके हमले कर रहे हैं और ना ही भविष्य में करेंगी।
हजारे ने सोनिया गांधी को पत्र लिखकर कहा था कि उनकी पार्टी के महासचिव सिविल सोसाइटी के सदस्यों पर गैर जिम्मेदाराना टिप्पणियां करके जनता के बीच उनकी छवि खराब कर रहे हैं और भ्रष्टाचार के खिलाफ बनने वाले लोकपाल विधेयक की ड्राफ्टिंग में बाधा डाल रहे हैं। हजारे ने कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह पर अप्रत्यक्ष रुप से आरोप लगाए थे कि दिग्विजय अपने गैरजिम्मेदाराना बयानों से जनता को गुमराह कर रहे हैं और ड्राफ्टिंग समिति के काम में बाधा डाल रहे हैं। हजारे ने केंद्रीय दूरसंचार मंत्री कपिल सिब्बल पर निशाना साधते हुए कहा था कि वो मीडिया में अपनी गलत बयानबाजी से भ्रम का माहौल पैदा कर रहे हैं।
सोनिया गांधी ने अपने जवाब में हजारे को लिखा है कि लोकपाल विधेयक राष्ट्रीय सलाहकार परिषद में अहम मुद्दा है और ये सिविल सोसाइटी के हिसाब से ही आगे बढ़ेगा। सोनिया गांधी ने कहा कि वो भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकपाल के मुद्दे पर पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं और उनकी प्रतिबद्धता पर शंका नहीं की जानी चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications