बेटे की बारात से लौट रहे पिता सहित चार लोगों की सड़क हादसे में मौत

शहनाई में मातम की गूंज की यह दर्दनाक घटना बदांयू जिले के सहसवान क्षेत्र में हुई। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार नगला चोई गांव में सोमवार देर रात 20 बारातियों को ले जा रहा ट्रक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गया। उस ट्रक पर दूल्हें के पिता और उसके सगे संबंधी सवार थे। टक्कर इतनी भयंकर थी कि ट्रक के परखच्चे उड़ गये और दूल्हें के पिता कुरबान अली के साथ मोहम्मद अलीम, कासिम, और नूर इस्लाम की मौके पर मौत हो गई जबकि अन्य 15 बाराती गंभीर रूप से घायल हो गये।
हादसे की सूचना जब लड़की वालों को मिली तो उन पर पहाड़ टूट पड़ा। आनन-फानन में सूचना नजदीकी पुलिस को दी गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया। पुलिस ने जख्मी लोगों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया है जहां 8 लोगों की हालत नाजुक बतायी जा रही है। उल्लेखनीय है कि कुरबान अली तथा ट्रक सवार अन्य लोग अलीगढ़ के छर्रा क्षेत्र से अपने बेटे की शादी के बाद वापस लौट रहे थे।












Click it and Unblock the Notifications