खंडवा: रंगीनमिजाज प्रोफेसर की एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने खबर ली
खंडवा। मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में बुधवार को छात्राओं से छेड़छाड का आरोप लगाते हुए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं और छात्र-छात्राओं ने मिलकर कृषि महाविद्यालय के प्रोफेसर की जमकर पिटाई की और उसके मुंह पर कालिख पोत दी।
मिली जानकारी के अनुसार कृषि महाविद्यालय के छात्रावास में छात्राओं ने एक वरिष्ठ छात्रा की शिकायत अधिष्ठाता (डीन) से की थी। साथ ही एक प्रोफेसर अशोक चौधरी पर भी छेड़छाड़ का आरोप लगाया था। इस सिलसिले में बुधवार को छात्र-छात्राओं ने परिषद के कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर अधिष्ठाता से मुलाकात की और वरिष्ठ छात्रा के अलावा प्रोफेसर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
छात्रों की मांग पर चौधरी को डीन के कक्ष में बुलाया गया। इसी दौरान वहां मौजूद परिषद के कार्यकर्ताओं और छात्र-छात्राओं ने हंगामा करना प्रारंभ कर दिया व चौधरी से मारपीट की। कुछ आक्रोशित छात्रों ने प्रोफेसर के चेहरे पर कालिख पोत दी। पुलिस ने बताया कि कृषि महाविद्यालय में पुलिस गई थी लेकिन अभी तक किसी ने इस सिलसिले में रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है।













Click it and Unblock the Notifications