लीबिया में प्रदर्शनकारियों पर गोलीबारी

लीबिया के प्रशासक कर्नल गद्दाफ़ी ने त्रिपोली में ग्रीन चौराहे पर जमा हुए समर्थकों को संबोधित किया है.
सरकारी टेलीवीज़न पर दिखाया गया है कि वे पुराने शहर से भाषण दे रहे थे और लोगों से आग्रह कर रहे थे कि वो हथियार उठा लें ताकि प्रदर्शनकारियों से देश और तेल भंडार की रक्षा कर सकें.
भाषण से कुछ समय पहले ही गद्दाफ़ी के प्रति वफ़ादार सुरक्षाबलों ने त्रिपोली में प्रदर्शनकारियों पर गोलीबारी की थी.
रिपोर्टों के मुताबिक कई लोगों के मारे जाने की ख़बर है. बीबीसी अब तक एक व्यक्ति के मारे जाने की ही पुष्टि कर सका है.
शुक्रवार को नमाज़ के बाद से ही प्रदर्शनकारी फिर से सक्रिय हो गए हैं. बताया जा रहा है कि प्रदर्शनकारी त्रिपोली के पूर्व में जमा हुए हैं और शहर की ओर बढ़ रहे हैं.
ये भी कहा जा रहा है कि प्रदर्शन करने वालों में सेना से जुड़े ऐसे लोग भी शामिल हैं जो अब विद्रोही खेमे में आ गए हैं.
गोलीबारी
नमाज़ के बाद जब प्रदर्शनकारी ग्रीन स्कवेयर की ओर निकले तो उनका सामना मिलिशया और सुरक्षाबलों से हुआ जिन्होंने उन पर गोलियाँ चलाईँ.
त्रिपोली के कई अन्य इलाक़ों से भी प्रदर्शन करने वालों पर गोलीबारी की ख़बरे हैं.
राजधानी के एक नागरिक ने बीबीसी को बताया, “त्रिपोली में कई लोगों को मारा जा चुका है. मेरे कुछ दोस्तों ने फ़ोन किया है कि उन्होंने मस्जिद से बाहर निकलते लोगों पर गोली चलती देखी है. हम छह दिन से घर से नहीं निकले हैं. घर छोड़ने पर डर लगता है.”
त्रिपोली के बाहर से ख़बरे हैं कि ज़ाविया और मिसरता शहरों पर दोबारा कब्ज़ा करने की गद्दाफ़ी के समर्थकों की कोशिश सफल नहीं हो सकी है.
इस वक़्त लीबिया के ज़्यादातर हिस्से सरकार विरोधी ताक़तों के नियंत्रण में हैं.
इससे पहले सरकारी टीवी पर दिखाया गया कि सरकार बढ़ती की़मतों को देखते हुए सरकार हर परिवार को 500 दिनार या चार सौ डॉलर देगी. जबकि सार्वजनिक क्षेत्रों में काम करने वालों के वेतन में 150 फ़ीसदी की बढ़ोतरी होगी.
वहीं संयुक्त राष्ट्र खाद्य कार्यक्रम का कहना है कि लीबिया में ख़ाद्य आपूर्ती प्रणाली ठप्प हो सकती है क्योंकि आयात नहीं हो पा रहा है.












Click it and Unblock the Notifications