नौसेना के दो जहाज़ लीबिया जाएंगे

विनीत खरे
बीबीसी संवाददाता, मुंबई
दोनों जहाज़ शनिवार को लीबिया रवाना होंगे
भारतीय नौसेना का कहना है कि लीबिया में फंसे भारतियों को बचाने के लिए उसके नौसैनिक जहाज़ जलाशव और मैसूर लीबिया की ओर 26 फ़रवरी को रवाना होंगे.
आईएनएस जलाशव इस तरह की स्थितियों में लोगों को बचाने में सक्षम है. इसके अलावा आईएनएस मैसूर दिल्ली क्लास का एक ध्वंसक पोत है.
ये जहाज़ सभी मेडिकल सुविधाओं से लैंस हैं जैसे ऑपरेशन थिएटर. इसमें डॉक्टर और पैरामेडिक भी होंगे. इन जहाज़ों में हेलिकॉप्टरों के अलावा मरीन विशेष फ़ोर्सेज़ के जवान भी होंगे.
रक्षा मंत्रालय के मुताबिक भारतीय नागरिकों को लीबिया से या तो मिस्र या फिर मॉल्टा ले जाया जाएगा, जहाँ से हवाई यात्रा के सहारे उन्हें भारत ले जाया जाएगा.
लीबिया में कर्नल गद्दाफ़ी के ख़िलाफ़ शुरु हुए विद्रोह के बाद से कई देशों ने देशों ने अपने नागरिकों को वहांसे निकालना शुरू कर दिया है.
हालांकि त्रिपोली हवाई अड्डे से अब भी उड़ाने जारी हैं लेकिन अधिकतर हवाई रास्ते के अलावा अपने समुद्री जहाज़ भी लीबिया भेज चुके हैं या अभी भेज रहे हैं
इससे पहले भी वर्ष 2006 में भारतीय नौसेना में करीब 2500 भारतियों, और कुछ विदेशियों को लेबनॉन से उस वक्त निकाला था जब इसराईल और चरमपंथी गुट हिज़बुल्ला के बीच लड़ाई छिड़ गई थी.












Click it and Unblock the Notifications