बुद्धदेब ने मानीं ग़लतियाँ

वाम मोर्चे की इस रैली को चुनावी बिगुल माना जा रहा है
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री बुद्धदेब भट्टाचार्य ने स्वीकार किया है कि उनकी सरकार से ग़लतियाँ हुई हैं, लेकिन वे इसे सुधार रहे हैं.
कोलकाता में चुनावी बिगुल बजाते हुए उन्होंने तीन लाख लोगों से वाम मोर्चे की सरकार को फिर मौक़ा देने की अपील की.
रैली में अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने यह भी स्वीकार किया कि उनके कार्यकर्ताओं ने अहंकार दिखाया और उनमें सहनशीलता की कमी है.
मुख्यमंत्री बुद्धदेब भट्टाचार्य का ये बयान ऐसे समय आया है जब उनकी सरकार ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस से कड़ी चुनौती का सामना कर रही है.
मुख्यमंत्री ने तृणमूल कांग्रेस को घेरने का भी मौक़ा नहीं छोड़ा. उन्होंने ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस पर आरोप लगाया है कि पार्टी की माओवादियों के साथ साँठ-गाँठ है.
बुद्धदेब ने ममता बनर्जी पर गंभीर आरोप लगाए
उन्होंने ममता बनर्जी पर आरोप लगाया कि वे अलग गोरखालैंड की मांग के मुद्दे पर ख़ामोश हैं, लेकिन वे पश्चिम बंगाल का विभाजन नहीं होने देंगे.
बुद्धदेब भट्टाचार्य ने औद्योगीकरण और ज़मीन अधिग्रहण का संवेदनशील मुद्दा भी उठाया और कहा कि वे उद्योग के पक्ष में हैं लेकिन वे तृणमूल कांग्रेस की ओर से खड़ी की गई मुश्किलों के ख़िलाफ़ हैं.
वाम मोर्चे की इस रैली को अपना दम दिखाने की कोशिश माना जा रहा है, ख़ासकर पिछले साल के निकाय चुनाव और वर्ष 2009 के लोकसभा चुनाव के नतीजों के बाद.












Click it and Unblock the Notifications