जश्न से जगमग तहरीर चौक

राष्ट्रपति के पद से होस्नी मुबारक के इस्तीफ़े की ख़बर आते ही राजधानी काहिरा का तहरीर चौक जश्न के केंद्र में तब्दील हो गया.
लाखों की संख्या में मौजूद लोगों ने नारेबाज़ी करनी शुरू की. रात के अंधेरे में तहरीर चौक जश्न से जगमग हो गया.
पिछले 18 दिनों से होस्नी मुबारक के त्यागपत्र की मांग कर रहे प्रदर्शनकारियों ने उम्मीद नहीं छोड़ी थी. एक दिन पहले ही गुरुवार को मुबारक के पद छोड़ने से इनकार के बाद से प्रदर्शनकारी नाराज़ थे.
शुक्रवार को उन्होंने और बड़ी संख्या में प्रदर्शन किया और अपनी मांग पर डटे रहे. प्रदर्शनकारियों ने जैसे ही शुक्रवार शाम को मुबारक के इस्तीफ़े की ख़बर सुनी, वे जश्न में चीखने-चिल्लाने लगे.
प्रदर्शनकारियों ने तहरीर चौक पर शुकराने की नमाज़ भी अदा की. काहिरा के अलावा एलेक्ज़ैंड्रिया में भी लोग सड़कों पर उतर कर अपनी ख़ुशी का इज़हार कर रहे हैं.
काहिरा के तहरीर चौक पर डटे एक प्रदर्शनकारी ने बीबीसी को बताया, "हम पर सरकार, परिजनों और मित्रों का काफ़ी दबाव था. लेकिन हमने उम्मीद नहीं छोड़ी थी. और आज इसका नतीजा निकला है."
होस्नी मुबारक विरोधी प्रदर्शनकारियों को पिछले दिनों उस समय मुश्किल स्थिति का सामना करना पड़ा, जब मुबारक समर्थक भी सड़कों पर उतर गए और दोनों गुटों में झड़प हुई.
दो-तीन दिनों पर सड़क पर मुबारक विरोधी और समर्थकों के बीच अच्छी ख़ासी झड़प हुई. लेकिन मुबारक विरोधियों ने हार नहीं मानी.
उन्होंने तहरीर चौक के अलावा संसद भवन के बाहर भी अपना अड्डा बना लिया. अब 18 दिनों बाद जश्न में डूबे प्रदर्शनकारियों को मन मांगी मुराद मिल गई है.












Click it and Unblock the Notifications