एयरो इंडिया में विमानों, हेलीकॉप्टरों ने दिखाए साहसिक कारनामे (लीड-1)
इस अवसर पर रक्षा मंत्री ए. के. एंटनी ने शहर के बाहरी इलाके में स्थित येलाहांका वायु सेना केंद्र में आठवें द्विवार्षिक एयरोस्पेस एण्ड एविएशन ट्रेड एक्सपो का उद्घाटन किया। इस दौरान मौजूद 40 विदेशी शिष्टमंडल, गणमान्य हस्तियों, अधिकारी और वैश्विक एयरोस्पेस कारोबार से सम्बंधित लोगों ने एक घंटे तक सुपरसोनिक व सब-सोनिक लड़ाकू विमानों सहित अन्य विमानों व हेलीकॉप्टरों के शानदार प्रदर्शन देखे।
भारत में ही निर्मित और दुनिया के सबसे छोटे हल्के लड़ाकू विमान (एलसीए) तेजस के कारनामे उद्घाटन समारोह में आकर्षण के केंद्र थे।
परिवहन विमान एएन-32 ने भी करतब दिखाए। नौ सूर्य किरण सब-सोनिक विमानों ने आकाश में धुएं से भारतीय तिरंगे का निर्माण किया। पांच जगुआर विमानों और सुखोई लड़ाकू विमानों ने भी अपने करतब दिखाए।
हेलीकॉप्टरों में हिंदुस्तान एरॉनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) के हल्के लड़ाकू हेलीकॉप्टर (एलसीएच) और आधुनिक हल्के हेलीकॉप्टर (एएलएच) के प्रदर्शन हुए।
रक्षा मंत्रालय द्वारा भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) के सहयोग से आयोजित यह पांच दिवसीय कार्यक्रम दक्षिण एशिया में अब तक का सबसे बड़ा आयोजन है। इसमें 30 देशों के 380 प्रदर्शनकर्ताओं सहित कुल 675 प्रदर्शनकर्ता अपनी आधुनिक एयरोस्पेस प्रौद्योगिकियों और उत्पादों का प्रदर्शन कर रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications