शिक्षा का अधिकार पर खर्च होंगे 2.25 लाख करोड़ रुपये : सोनिया (लीड-1)
अमावां स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय के खेल परिसर की आधारशिला रखने के बाद सोनिया ने वहां मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए कहा, "हमारी सरकार का यह संकल्प है कि पैसे की कमी के कारण देश का कोई भी बच्चा स्कूल जाने से वंचित न रहने पाए। इसलिए हमने देश के 6 से 14 साल के बीच के हर बच्चे को जरूरी और अनिवार्य रूप से शिक्षा देने के लिए ऐतिहासिक शिक्षा के अधिकार का कानून बनाया है।"
गांधी ने कहा कि संप्रग सरकार ने इस योजना को देशभर में सफलतापूर्वक लागू करने के लिए अगले पांच साल में 2.25 लाख करोड़ रुपये खर्च करने का प्रावधान किया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार सभी राज्यों को भरपूर सहयोग देने के लिए कटिबद्ध है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि उत्तर प्रदेश को भी शिक्षा के क्षेत्र में मिलने वाली राशि में पिछले साल की तुलना में 75 फीसदी की वृद्ध की गई है। इस साल प्रदेश के लिए 7,000 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।
उन्होंने कहा, "हमारी सरकार ने माध्यमिक शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। मिसाल के तौर पर हर ब्लॉक में मॉडल स्कूल बनाने को मंजूरी दी गई है, जिसका 75 फीसदी खर्च केंद्र सरकार वहन करेगी। उत्तर प्रदेश में 148 मॉडल स्कूलों के निर्माण के लिए पैसे दिए गए हैं। स्कूली शिक्षा की तरह माध्यमिक शिक्षा को बेहतर बनाने के लिए हर संभव वित्तीय मदद दी जा रही है और उत्तर प्रदेश को भी इसका पूरा फायदा मिल रहा है।"
सरकारी स्कूलों में बच्चों के बीच में ही स्कूल छोड़ देने पर चिंता जताते हुए गांधी ने कहा कि सरकारी स्कूलों में काफी बच्चे प्रवेश लेते हैं लेकिन बहुत-से बच्चे बीच में ही स्कूल छोड़ देते हैं..खासकर कमजोर वर्ग के बच्चे। उन्होंने कहा कि ऐसे बच्चों के लिए हालांकि सरकार ने कोचिंग सुविधा और वजीफा देने के कार्यक्रम भी शुरू किए हैं, लेकिन अभी भी इसे रोकने के लिए काफी कुछ किए जाने की जरूरत है।
बदलते समय के साथ नए जमाने की शिक्षा पर बल देते हुए गांधी ने कहा कि बच्चों के पूर्ण विकास के लिए पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद में भागीदारी बढ़ाई जानी चाहिए। उनके बौद्धिक विकास के लिए उनमें नैतिक मूल्यों का समावेश और प्रकृति के प्रति जागरूकता बढ़ाई जानी चाहिए।
अपने संसदीय क्षेत्र के दो दिवसीय दौरे पर शुक्रवार को पहुंचीं कांग्रेस अध्यक्ष सबसे पहले रायबरेली के लालगंज कस्बे पहुंचीं, जहां उन्होंने नवनिर्मित सामुदायिक केंद्र का उद्घाटन किया। दोपहर बाद उन्होंने डलमऊ कस्बे में एक अतिथिगृह का उद्घाटन किया।
शनिवार को वह पार्टी कार्यकर्ताओं से मिलने के साथ राजकीय इंटर कालेज मैदान में लगने वाले स्वास्थ्य मेले की शुरुआत सहित कुछ अन्य कार्यक्रमों में भी शिरकत करेंगी।
कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक शनिवार को दौरा समाप्त करने से पहले सोनिया अपने संसदीय क्षेत्र में केंद्रीय योजनाओं की जमीनी हकीकत जानने के लिए विभिन्न गांवों का दौरा कर लोगों से मिल सकती हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications