ट्यूनीशिया में स्पीकर अंतरिम राष्ट्रपति नियुक्त
ट्यूनिश/पेरिस। उत्तर अफ्रीकी देश ट्यूनीशिया के राष्ट्रपति जैनुल आबेदीन बेन अली के नाटकीय तरीके से देश छोड़कर चले जाने के बाद संसद के स्पीकर फौद म्बाजा को शनिवार को अंतरिम राष्ट्रपति बनाया गया।समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार ट्यूनीशिया के संवैधानिक परिषद ने 77 वर्षीय म्बाजा को अंतरिम राष्ट्रपति बनाया।
अली बेन के देश छोड़ने के बाद प्रधानमंत्री मोहम्मद गनूची ने कमान संभाली थी लेकिन विपक्षी नेताओं की आलोचना के बाद उन्हें कमान छोड़नी पड़ी।ट्यूनीशिया की संवैधानिक परिषद ने कहा कि संविधान के अनुसार संसद के स्पीकर अंतरिम राष्ट्रपति के रूप में कार्यभार संभाल सकते है लेकिन प्रधानमंत्री यह जिम्मेदारी नहीं ले सकते हैं। परिषद ने यह भी कहा कि अगले 60 दिनों के भीतर राष्ट्रपति चुनाव होंगे।
महीने भर से जारी विरोध प्रदर्शनों के बाद अली बेन ने शुक्रवार को देश छोड़ दिया। उनके खिलाफ जारी इन विरोध प्रदर्शनों में कई लोग मारे जा चुके हैं।अली बेन ने इसके पहले सरकार को भंग कर दिया था और जल्द ही चुनाव की घोषणा की थी। वह देश छोड़ने के बाद सऊदी अरब के जेद्दा शहर पहुंचे हैं।
सऊदी के अधिकारियों ने अली बेन और उनके परिवार का स्वागत किया है और ट्यूनीशियाई लोगों के सुरक्षा और स्थिरता का आश्वासन दिया है।
फ्रांसीसी मीडिया के अनुसार फ्रांस आने से इंकार किए जाने के बाद अली बेन सऊदी अरब के लिए रवाना हो गए।अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि बेन अली को देश छोड़ने पर मजबूर किया गया है या वह खुद ही देश छोड़ने पर सहमत हुए।गनूची ने कहा है कि अली बेन के देश लौटने की संभावना नहीं है।उधर, विपक्षी नेता मुस्तफा बेन ने कहा है कि बेन अली सरकार का पतन कोई आश्चर्यजनक बात नहीं है।
उन्होंने कहा, "बहुत पहले ही अली बेन के शासन का पतन हो जाना चाहिए था। कई सारे विपक्षी समूह एक साथ हैं और अपने-अपने क्षेत्र में सक्रिय हैं, लेकिन पिछला महीना सबसे अधिक महत्वपूर्ण रहा। अब लोग जाग उठे हैं और उनका डर खत्म हो गया है।"गौरतलब है कि राष्ट्रपति हबीब बौरगुइबा का तख्तापलट करने के बाद 74 वर्षीय अली बेन 1987 में राष्ट्रपति पद पर आसीन हुए थे।












Click it and Unblock the Notifications