उत्तरी कश्मीर में बर्फवारी, लद्दाख में कड़ाके की ठंड

मौसम विज्ञान विभाग के सहायक निदेशक आर. एल. पंडिता ने कहा कि गुलमर्ग के स्की रिसोर्ट, कुपवाड़ा, हंदवाड़ा और कुछ अन्य इलाकों में रविवार सुबह हल्की बर्फवारी हुई। आने वाले दिनों में घाटी में शीतलहर का असर बढ़ने के आसार हैं। पंडिता ने कहा, "घाटी में सोमवार तक हल्की बारिश या बर्फवारी होने के आसार हैं, हम ठंडे और शुष्क मौसम का एक और दौर देख सकते हैं।"
उन्होंने कहा कि प्रदेश की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में न्यूनतम तापमान 0.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। पंडिता ने कहा, "लद्दाख क्षेत्र में तापमान बेहद कम बना हुआ है। लेह और कारगिल कस्बों में रविवार को न्यूनतम तापमान शून्य से 13 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।"
दक्षिणी कश्मीर में मौसम में सुधार के चलते श्रीनगर-जम्मू राजमार्ग पर एक तरफ का आवागमन शुरू किया गया है। यातायात विभाग के एक अधिकारी ने कहा, "सुबह 10 बजे के बाद राजमार्ग पर श्रीनगर से जम्मू के लिए आवागमन की अनुमति दी गई।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications