हमले की योजना बनाने वाले गिरफ़्तार

इन दोनों पर शहर के टेडी स्टेडियम पर हमला करने के मकसद से हथियार खरीदने की कोशिश करने का आरोप लगाया गया है. ब्रितानी विदेश विभाग के प्रवक्ता का कहना है कि ये दोनों फ़लस्तीनी ब्रितानी दूतावास में देख रेख का काम करते थे और उनके पास संवेदनशील सुरक्षा क्लियरेंस नहीं था.
टेडी स्टेडियम बेतार यरुशलम फुटबॉल टीम का आवास है जहां हमेशा बड़े खेल आयोजन होते हैं. इसराइली सुरक्षा सूत्रों का कहना है कि उन्होंने इसी मामले में दो और लोगों को गिरफ़्तार किया है जिसमें से एक फ़लस्तीनी और एक इसराइली है. इन दोनों पर भी स्टेडियम पर रॉकेट और मिसाइल हमले की योजना बनाने का आरोप लगाया गया है और उन्हें हिरासत में रखा गया है.
यरुशलम में बीबीसी संवाददाता का कहना है कि यह समझा जाता है कि यह कथित चरमपंथी योजना बस योजना भर ही रही और आगे नहीं बढ़ पाई थी. ब्रिटेन दूतावास के अधिकारियों का कहना है कि ये गिरफ़्तारियां कई हफ्ते पहले हुई हैं लेकिन उन्हें इस बारे में किसी को भी कोई जानकारी नहीं देने के लिए कहा गया था. ब्रितानी दूतावास यरुशमल के उन इलाक़ों में है जो राजनीतिक रुप से अत्यंत संवेदनशील माना जाता है. हालांकि गिरफ़्तारी का दूतावास के काम से कोई लेना देना नहीं है लेकिन आने वाले दिनों में दूतावास में काम करने के लिए आने वालों की सुरक्षा जांच और बढ़ सकती है.












Click it and Unblock the Notifications