कश्मीर में शीतलहर, लेह में पारा शून्य से 20.2 डिग्री नीचे
श्रीनगर। कश्मीर घाटी और लद्दाख क्षेत्र में मंगलवार को भी शीतलहर का प्रकोप जारी है। श्रीनगर में पारा शून्य से 4.1 डिग्री नीचे और लेह में शून्य से 20.2 डिग्री नीचे पहुंच गया है।मौसम विज्ञान कार्यालय के अधिकारी मुबीन अहमद मलिक ने यहां बताया, "लेह में तापमान लुढ़ककर शून्य से 20.2 डिग्री नीचे पहुंच गया है और कारगिल में न्यूनतम तापमान शून्य से 18 डिग्री नीचे दर्ज किया गया।"
श्रीनगर की डल झील का ज्यादातर हिस्सा सुबह से ही जमा हुआ है और प्रवासी पक्षियों के झुंड गर्म पानी के झरनों वाले झील के कुछ हिस्सों के इर्द-गिर्द इकट्ठे हैं। झील के इन हिस्सों का पानी पूरी तरह से नहीं जमा है।मलिक ने बताया, "मंगलवार को भी श्रीनगर का न्यूनतम तापमान हिमांक से नीचे रहा। यह शून्य से 4.1 डिग्री नीचे दर्ज किया गया।"
उन्होंने बताया, "दक्षिणी कश्मीर के पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 7.7 डिग्री नीचे दर्ज किया गया जबकि गुलमर्ग में तापमान शून्य से 9.2 डिग्री नीचे रहा।"मौसम विज्ञान कार्यालय ने अगले कुछ दिनों तक पूरी कश्मीर घाटी और लद्दाख क्षेत्र में सर्द व सूखा मौसम रहने का पूर्वानुमान जताया है।मलिक ने कहा कि आने वाले दिनों में घाटी व लद्दाख क्षेत्र का न्यूनतम तापमान और गिर सकता है।












Click it and Unblock the Notifications