जनवरी मध्य में क्या वाकई में गिरेंगे प्याज के दाम?

सोमवार को एशिया की सबसे बड़ी सब्जी मंडी दिल्ली की आजादपुर मंडी के व्यापारियों ने कहा कि 20 जनवरी तक नई फसल आने के बाद प्याज के भाव में काफी कमी आएगी। चैम्बर ऑफ आजादपुर फ्रु़ट एंड वेजीटेबल ट्रेडर के महासचिव राजन शर्मा ने कहा कि राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में प्याज की फसल खेत से निकल चुका है। इसलिए 15-20 जनवरी तक प्याज की नई खेप दिल्ली पहुंच जाएगी।
दिल्ली में प्याज का थोक भाव अभी थोड़ा घटकर 25 रुपये से 45 रुपये के बीच चल रहा है, लेकिन खुदरा बाजार में यह अभी भी 40 रुपये से 60 रुपये प्रति किलो भाव पर चल रहा है। दिसम्बर के आखिरी सप्ताह से प्याज की कीमतों में वृद्धि होनी शुरू हो गई थी, जो बढ़ते-बढ़ते 80 रुपये से 100 रुपये प्रतिकिलो तक जा पहुंची थी। सरकार द्वारा उठाए गए अनेक कदमों के बाद अभी इसकी कीमतों में कुछ गिरावट आई है।
व्यापारियों के यह दावे लोगों को संतोष तो दे सकते हैं, लेकिन राहत नहीं, क्योंकि पिछले दिनों महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, बिहार और आंध्र प्रदेश में हजारों किसानों ने अच्छे दाम मिलने के लालच में प्याज के पौधों को समय से पहले ही उखाड़ लिया। यही कारण है कि इस समय बाजार में बड़े आकार वाले की तुलना में छोटे आकार का प्याज ज्यादा दिखाई दे रहा है।












Click it and Unblock the Notifications